रोहतक की एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने झज्जर जिले के बादली ब्लॉक में तैनात कानूनगो को 7 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर एसीबी थाने पहुंची, जिसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के बादली में बतौर कानूनगो तैनात रामबीर के रूप में हुई, जिसने जमीन को तकसीम करने के बदले शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए मांगे थे। इसी मामले में एसीबी की टीम ने 7 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ रामबीर को गिरफ्तार किया है। जमीन तकसीम मामले में मांगी रिश्वत शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी के नाम गांव दादरी तोए तहसील बादली जिला झज्जर में खाता शामलात की लगभग 20 कनाल 5 मरले भूमि है। भूमि के तकसीम से संबंधित मामला नायब तहसीलदार बादली की कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपी रामबीर कानूनगो को तकसीम नक्शा (बै) तैयार कर नायब तहसीलदार कार्यालय में जमा करवाना था, लेकिन आरोपी ने जानबूझकर गलत नक्शा जमा कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि सही नक्शा तैयार कर जमा करवाने की एवज में आरोपी ने 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता की पत्नी से आरोपी पहले ही 3 हजार रुपए रिश्वत के ले चुका था और बचे हुए 7 हजार रुपए मांग रहा था। आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा शिकायतकर्ता ने बताया कि वह आरोपी को रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत के बाद एसीबी टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कानूनगो रामबीर को 7 हजार रुपए रिश्वत दी तो एसीबी की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।