मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बरुआरी गांव में आगामी समाधान शिविर की तैयारियों का पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) तुषार कुमार ने मंगलवार शाम निरीक्षण किया। उन्होंने 19 मई को आयोजित होने वाले इस शिविर के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने निर्देश दिया कि समाधान शिविर की जानकारी आसपास के सभी गांवों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में आ सकें। उन्होंने बताया कि शिविर में सभी विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों पर पेंशन, आवास, राशन कार्ड, भूमि विवाद, कृषि विभाग सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम तुषार कुमार ने करीब 40 वर्षों से बंद पड़े जालमीनार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर उसे शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित शिकायतों का जल्द निवारण सुनिश्चित किया जाए।