सोनीपत नगर निगम आम चुनाव-2026 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। बुधवार सुबह 8 बजे से बीट्स मोहाना में मेयर और पार्षद पदों के लिए डाले गए मतों की गिनती शुरू होगी। चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में भारी उत्साह बना हुआ है। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, बिजली और यातायात व्यवस्था सहित सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। इस चुनाव में मेयर पद के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 22 वार्डों में 89 पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतगणना के बाद होगा। बीट्स मोहाना में होगी मतगणना नगर निगम चुनाव की मतगणना बुधवार सुबह 8 बजे बीट्स मोहाना परिसर में शुरू होगी। यहां मेयर और पार्षद पदों के लिए डाले गए मतों की गिनती अलग-अलग चरणों में की जाएगी। मतगणना को लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थक देर रात तक तैयारियों में जुटे रहे। मेयर-पार्षदों के लिए अलग-अलग काउंटिंग टेबल प्रशासन की ओर से मेयर पद की मतगणना के लिए 20 काउंटिंग टेबल लगाई गई हैं। वहीं 22 वार्डों के पार्षद पदों की मतगणना के लिए 15 अलग-अलग टेबल स्थापित की गई हैं। इसके अलावा पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती के लिए अलग से एक टेबल निर्धारित की गई है। प्रत्येक टेबल पर मतगणना कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी और पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश अजय चोपड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। 9 मेयर और 89 पार्षद प्रत्याशी मैदान में नगर निगम चुनाव में इस बार मेयर पद के लिए कुल 9 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं शहर के 22 वार्डों में 89 पार्षद उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला भी सामने आ जाएगा।