हरियाणा सफाई कर्मियों की हड़ताल पर फैसला आज:निकाय मंत्री ने बुलाई बैठक, 12 दिन से सड़कों से नहीं कूड़े का उठान

हरियाणा के शहरी क्षेत्रों में पिछले 12 दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार ने सफाई कर्मचारी यूनियनों के साथ बातचीत के लिए अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक आज सुबह 11 बजे हरियाणा निवास में होगी। जिसमें हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करेंगे। राज्यभर में जारी हड़ताल के कारण नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में सफाई कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई शहरों में सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बढ़ते कचरे के कारण दुर्गंध और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सरकार समाधान के प्रयास में सरकार ने हड़ताल समाप्त करवाने और सफाई व्यवस्था जल्द बहाल करने के उद्देश्य से यह बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों, ठेका व्यवस्था, नियमितीकरण, वेतन, सेवा सुरक्षा और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, सरकार चाहती है कि बातचीत के माध्यम से सहमति बनाकर हड़ताल समाप्त कराई जाए, ताकि शहरों में सामान्य सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल हो सके। यूनियन की मांगों पर होगी चर्चा सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इनमें प्रमुख रूप से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम के लिए समान वेतन, निजीकरण का विरोध और सेवा शर्तों में सुधार जैसी मांगें शामिल हैं। यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि सरकार और कर्मचारियों के बीच होने वाली इस बैठक को गतिरोध खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आम जनता को राहत की उम्मीद राज्य के अधिकांश शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों और कॉलोनियों में जमा कचरे के कारण स्थानीय निकायों पर भी दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में बुधवार की बैठक से समाधान निकलने और हड़ताल समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *