मेरठ में एसटीएफ ने बुधवार तड़के मुनीर गैंग के सदस्य जुबैर को मुठभेड़ में मार गिराया। जुबैर पर एक लाख का इनाम था। पुलिस को एक बाइक, 32 बोर की दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसटीएफ की टीम को जानकारी मिली थी कि जुबैर मेरठ के अलीपुर थाना लोहिया नगर क्षेत्र में छिपा हुआ है। एसटीएफ ने जुबैर को घेर लिया। इस पर जुबैर ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में STF ने भी गोली चलाई। एक गोली जुबैर के लगी। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जुबैर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अलीगढ़ में 24 दिसंबर 2025 को AMU में टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने 5 गोलियां मारीं थीं। इसी मामले में पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। टीचर की हत्या के बाद से आरोपी की तलाश में थी STF एएसपी एसटीएफ (प्रभारी मेरठ यूनिट) बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि जुबैर अलीगढ़ के थाना बरला के नौशा का रहने वाला था। इस समय वह शाहीन बाग दिल्ली में रहता था। जुबैर ने 24 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ के सिविल लाइंस क्षेत्र में राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसका केस दर्ज है। तभी से पुलिस और एसटीएफ को इसकी तलाश थी। बुधवार तड़के सूचना मिली कि वह लोहियानगर के अलीपुर में है। एसटीएफ ने उसे घेर लिया। जुबैर ने एसटीएफ पर फायरिंग शुरू कर दी। एसटीएफ ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक गोली जुबैर को लगी। एसटीएफ उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जुबैर ने 2015 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। 2017 में वह मुनीर गैंग से जुड़ गया। फिर उसने अपना अलग गैंग खड़ा कर लिया। हथियारों की तस्करी की। पुलिस के अनुसार, उस पर हत्या और लूट जैसे केस दर्ज थे। जुबैर के खिलाफ अलीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज हैं। AMU के टीचर को मारीं थीं 5 गोलियां 24 दिसंबर 2025 की रात 8.45 बजे AMU के टीचर राव दानिश अली अपने दोस्तों के साथ कैनेडी हॉल पार्क में टहलकर निकले थे। मौलाना आजाद लाइब्रेरी कैंटीन के पास नकाबपोशों ने स्कूटी रोकी। उसने कहा ‘अब तो पहचानोगे, मैं कौन हूं।’ इतना कहते हुए बदमाश ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और भाग निकले। गोली दानिश के सिर में लगी थी। दोस्तों ने उनके छोटे भाई राव फराज अली को सूचना दी। घटनास्थल के पास ही सुलेमान हॉल में मौजूद फराज अली कुछ ही समय में मौके पर पहुंचे और लहूलुहान भाई को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राव दानिश अली एएमयू के एबीके बॉयल स्कूल में कंप्यूटर टीचर थे।
मंगलवार को गाजियाबाद में 2 को ढेर किया गाजियाबाद में कैश वैन से 27 लाख लूटने वाले दो 2 बदमाश समीर और जुबैर को मंगलवार रात पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था। जुबैर लूटकांड का मास्टरमाइंड था। यह मुठभेड़ वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई। DCP सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि रात में वेव सिटी क्षेत्र में बदमाश किसी घटना को अंजाम देने जा रहे थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने घेराबंदी की, तभी संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी रुकवाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो बदमाश जंगल में कार छोड़कर पैदल भागने लगे। दोनों तरफ से 20 मिनट में करीब 15 से ज्यादा राउंड फायर हुए, जिसमें दो बदमाश मारे गए हैं। जबकि 2 अन्य फरार हो गए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में 5 टीम में लगाई गई हैं।