हरियाणा के 5 जिलों में तापमान 40°C पार:बहादुरगढ़ में ओले गिरे, सिरसा तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा, 3 दिन बाद चलेगी लू

हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि वर्तमान में तापमान सामान्य के करीब है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे होंगे। आगामी 17 मई से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में लू (हीट वेव) चलने की संभावना है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के 5 शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। इनमें सिरसा का तापमान 44.0°C रहा जो प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा नारनौल 42.5°C, हिसार 41.4°C, रोहतक 41.2°C और महेंद्रगढ़ में 40.6°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा मौसम विभाग ने सिरसा और फतेहाबाद में आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। एक दिन पहले बहादुरगढ़ में ओले गिरे वहीं बुधवार को सुबह जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, कैथल और फतेहाबाद में बारिश हुई। इसके बाद रात को बहादुरगढ़ में ओले पड़े, जबकि सोनीपत, करनाल और भिवानी में झमाझम बारिश देखने को मिली, जबकि कई जिलों में रातभर आंधी चली। रातें अभी भी राहत भरी दिन की तपिश के बीच रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। अन्य शहरों की बात करें तो गुरुग्राम में 22.0 और चंडीगढ़ में 23.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। हालांकि, जैसे-जैसे दिन का पारा बढ़ेगा, आने वाले दिनों में रात के तापमान में भी इजाफा होने की संभावना है। किसानों के लिए विशेष सलाह मौसम विभाग ने किसानों को बदलते मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगले 3 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना के कारण कपास की बुवाई को फिलहाल टालने का सुझाव दिया गया है। जिन किसानों की गेहूं या जौ की फसल पक चुकी है, वे जल्द से जल्द कटाई और थ्रेसिंग कर लें। तेज हवाओं के चलते गेहूं के भूसे को सुरक्षित स्थान पर ढक कर रखें, ताकि वह उड़े नहीं। सब्जियों और अन्य फसलों में सिंचाई फिलहाल रोक दें। पशुपालक अपने पशुओं को शेड के नीचे रखें और मच्छरों से बचाव के लिए उचित प्रबंधन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *