पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के पिछले दो वर्षों के आंकड़ों ने एक चौंकाने वाला सच उजागर किया है। ह्यूमैनिटीज (आर्ट्स) को सबसे आसान स्ट्रीम माना जाता है, लेकिन इसी स्ट्रीम का रिजल्ट साइंस-कॉमर्स की तुलना में बहुत कम है। इस साल कॉमर्स स्ट्रीम का रिजल्ट 98.78% और साइंस ने 98.47% के साथ रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की। वहीं, ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम का रिजल्ट 87.74% पर ही सिमट गया। इसी तरह वोकेशनल का रिजल्ट 87.80% रहा। राहत की बात यह है कि पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की मेरिट सूची में दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर लगातार ह्यूमैनिटीज ग्रुप के स्टूडेंट ही हैं। पिछले साल से तुलना करें तो उस समय साइंस (98.52%) और कॉमर्स (96.83%) के मुकाबले ह्यूमैनिटीज का रिजल्ट मात्र 87.58% रहा था। हैरानी की बात यह है कि ह्यूमैनिटीज ग्रुप में सबसे ज्यादा स्टूडेंट्स अपीयर होते हैं और सबसे ज्यादा उसी में फेल होते हैं। ओवरऑल रिजल्ट में मामूली बढ़त वहीं, दूसरी तरफ 12वीं कक्षा के ओवरऑल रिजल्ट में पिछले साल की तुलना में मामूली बढ़त दर्ज की गई। पिछले साल 91 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए थे। जबकि इस पर 91.46 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। मेरिट लिस्ट की बात करें तो पिछले साल सिर्फ एक ही स्टूडेंट के 500 नंबर आए थे। जबकि इस बार तीनों टॉपर्स के 500 में से 500 नंबर आए। जिलेवार रिजल्ट में एक बार फिर से अमृतसर टॉप पर रहा। पिछले साल अमृतसर जिले का रिजल्ट 96.29% था, जो इस बार 0.29% घटकर 96.00% हो गया। लुधियाना जिला पिछली बार 87% रिजल्ट के साथ 21 वें नंबर पर था, जो इस बार 87.04 प्रतिशत के साथ 23वें यानि आखिरी पायदान पर पहुंच गया। मेरिट में 278 में से 148 साइंस स्टूडेंट पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी सीनियर सेकेंडरी परीक्षा मार्च 2026 की मेरिट सूची में कुल 278 छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है। इस सूची में स्ट्रीम-वार प्रदर्शन काफी प्रभावशाली और स्पष्ट है। साइंस ग्रुप ने शानदार दबदबा बनाया है। कुल 278 में से 148 छात्र (53.2%) साइंस स्ट्रीम से हैं। यह दर्शाता है कि साइंस के विद्यार्थी न केवल मात्रा में, बल्कि गुणवत्ता में भी आगे हैं। ह्यूमैनिटीज ग्रुप के 82 छात्र (29.5%) दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, आर्ट्स स्ट्रीम में कुल परीक्षार्थियों की संख्या सबसे अधिक होती है। फिर भी मेरिट में उनका प्रदर्शन साइंस से कम रहा। कॉमर्स ग्रुप के 44 छात्र (15.8%) शामिल हुए। जबकि, वोकेशनल (V) ग्रुप के केवल 4 छात्र ही टॉप मेरिट में जगह बना सके। जेंडरवाइज रिजल्ट में मामूली अंतर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की ओर से 13 मई 2026 को घोषित 12वीं कक्षा के परिणामों में कुल 91.46% छात्र पास हुए। परीक्षा में लड़कियों ने 94.73% के पास प्रतिशत के साथ लड़कों (88.52%) से बेहतर प्रदर्शन किया। 2025 में कुल परिणाम 91 प्रतिशत रहा, जिसमें 88.55 प्रतिशत लड़के और 94.46 प्रतिशत लड़कियां पास हुई थीं। सरकारी स्कूलों के रिजल्ट में गिरावट PSEB ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट स्कूलवाइज जारी किया है। इसके अनुसार सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 91.41 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल की तुलना में 0.40 प्रतिशत कम है। पिछले सरकारी स्कूलों का रिजल्ट साल 91.01 प्रतिशत था। वहीं, प्राइवेट स्कूलों के रिजल्ट में मामूली बढ़त दर्ज की गई। पिछली बार प्राइवेट स्कूलों का रिजल्ट 92.47 प्रतिशत था, जो इस बार 92.68 प्रतिशत रहा। रूरल स्कूलों से फिर पीछे रहे अर्बन स्कूल पिछले साल की तरह इस बार भी पंजाब के रूरल स्कूलों का रिजल्ट अर्बन स्कूलों के मुकाबले बेहतर रहा है। रूरल स्कूलों का पास प्रतिशत पिछले साल 91.70% रहा तो अर्बन एरिया का 90.74% ही रहा। इस बार रूरल स्कूलों का रिजल्ट 91.63 प्रतिशत रहा, जबकि अर्बन स्कूलों का रिजल्ट 91.24 प्रतिशत रहा। टॉप-50 में स्कूल ऑफ एमिनेंस के सिर्फ 3 स्टूडेंट PSEB की मेरिट सूची में कुल 278 स्टूडेंट्स हैं। इस बार टॉप 3 पॉजिशन के स्टूडेंट्स ने 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। टॉप 3 में सरकारी स्कूल का एक भी स्टूडेंट नहीं है। टॉप 50 की बात करें तो सरकारी स्कूलों के कुल 21 स्टूडेंट हैं जो कि संतोषजनक है। वहीं, स्कूल ऑफ एमिनेंस के सिर्फ 3 स्टूडेंट ही टॉप 50 में जगह बना सके। ॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब बोर्ड- 12वीं का रिजल्ट जारी, 91.46% पास:3 छात्राओं के 500 में से 500 नंबर, जन्मतिथि के बेस पर मानसा की सुपनीत स्टेट टॉपर पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (PSEB) ने बुधवार (13 मई) को 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। इस परीक्षा में 2 लाख 65 हजार 417 स्टूडेंट्स बैठे थे जिनमें से 2 लाख 42 हजार 755 छात्र पास हुए। ओवरऑल रिजल्ट 91.46% रहा। स्टूडेंट्स बोर्ड की वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर…