लुधियाना में मनाया शहीद सुखदेव थापर का 119वां जन्मदिवस:वंशज ने सरकार के प्रति जताया रोष; कहा- वादों के बावजूद रास्ता नहीं खुला, श्रद्धालु परेशान

शहीद-ए-आजम सुखदेव थापर जी का 119वां जन्मदिवस आज लुधियाना के चौड़ा बाजार स्थित उनके पैतृक निवास पर बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहीद सुखदेव थापर मेमोरियल ट्रस्ट (रजि.)’ द्वारा आयोजित इस समारोह में शहर की प्रमुख राजनीतिक,सामाजिक और धार्मिक शख्सियतों ने शिरकत की। इस दौरान शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे हवन-यज्ञ के साथ हुई। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे पूर्ण आहूति डाली गई। 12:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए लंगर का विशेष प्रबंध किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र देश भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और लोगों ने शहीद सुखदेव के बलिदान को याद किया। सरकार के प्रति भारी रोष: वादे रह गए अधूरे जहां एक तरफ शहीद के प्रति श्रद्धा प्रकट की जा रही थी वहीं दूसरी ओर ट्रस्ट के अध्यक्ष और शहीद सुखदेव थापर के वंशज अशोक थापर ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया। मीडिया से बात करते हुए अशोक थापर ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहीदी पर्व के अवसर पर सरकार के प्रतिनिधियों ने बड़े-बड़े दावे किए थे। उन्होंने वादा किया था कि शहीद सुखदेव थापर जी के जन्मदिवस (15 मई) तक उनके जन्मस्थान की ओर जाने वाला रास्ता खोल दिया जाएगा। आज जन्मदिवस आ चुका है और स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। श्रद्धालु तंग रास्तों से होकर आने को मजबूर सरकार के नुमाइंदों ने सार्वजनिक मंच से रास्ता खोलने का वादा किया था, लेकिन आज भी श्रद्धालु तंग रास्तों से होकर आने को मजबूर हैं। सरकार सिर्फ घोषणाएं करती है शहीदों के सम्मान के प्रति उनकी गंभीरता शून्य है। सरकार के सुस्त रवैये की आलोचना इस कार्यक्रम में शामिल हुए विभिन्न दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के सुस्त रवैये की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिन शहीदों की बदौलत आज हम हवा में सांस ले रहे हैं, उनके पैतृक स्थानों की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। संघर्ष तेज करने की दी चेतावनी ट्रस्ट ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही शहीद सुखदेव थापर के जन्मस्थान से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया व रास्ता नहीं खोला गया तो वे अपने संघर्ष को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *