जलालाबाद के आमिर खास क्षेत्र में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विवाद पैसे के लेनदेन को लेकर चल रहा था। पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि उनका कुछ लोगों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन वह खेत में ट्रैक्टर से जमीन जोतने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग अपने साथियों सहित बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। अशोक कुमार का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी, बेसबॉल और हॉकी जैसे हथियारों से उन पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। पुलिस जांच में जुटी मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले को लेकर पुलिस अधिकारी शिमला रानी ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक कुमार खेत जोत रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।