सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के एक गांव में उधार के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत तक पहुंच गया। आरोप है कि परचून की दुकान पर पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी के बाद पांच लोग लाठी-डंडे लेकर युवक के घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक के पिता को गंभीर चोट लगी, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधार को लेकर हुआ था झगड़ा गांव पाई के रहने वाले रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपने काम से घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के प्रवीन की परचून की दुकान है। रोहित प्रवीन की दुकान से उधार में सामान लेता था और उसने दुकान से लिए सामान के करीब 1000 से 1500 रुपए उधार के देने थे। रोहित ने बताया कि दुकानदार प्रवीन ने उससे पैसे मांगे तो उसने एक-दो दिन का समय मांग लिया। आरोप है कि इसी बात पर प्रवीन गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ता देख वह वहां से अपने ताऊ राजेश के घर चला गया। घर में घुसकर हमले का आरोप शिकायत में कहा गया है कि कुछ देर बाद प्रवीन अपने पिता शेर सिंह, नवीन पुत्र कृष्ण, संगीता पत्नी नवीन और बबीता पत्नी प्रवीन के साथ लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गया। आरोप है कि सभी लोग जबरन घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उस समय घर में रोहित की दादी, ताई, बड़ी बहन और उसके पिता राजकुमार मौजूद थे। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने हमला जारी रखा। पिता की गर्दन पकड़कर खंभे में मारने का आरोप रोहित ने आरोप लगाया कि प्रवीन ने उसके पिता राजकुमार की गर्दन पकड़कर उन्हें जोर से खंभे पर दे मारा। टक्कर लगने के बाद राजकुमार संतुलन खोकर नाले में गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन तुरंत उन्हें खरखौदा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोहित ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका है और अब उसके पिता की भी मौत हो गई। डायल-112 पर मिली थी झगड़े की सूचना पुलिस बोली- कॉल पर झगड़े की सूचना मिली थी पुलिस के अनुसार, 16 मई की रात डायल-112 पर दो कॉल प्राप्त हुई थीं। पहली कॉल में पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़े की सूचना दी गई थी, जबकि दूसरी कॉल में रोहित ने अपने पिता के साथ मारपीट होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पाई पहुंची, लेकिन तब तक परिजन राजकुमार को अस्पताल लेकर जा चुके थे। इसी दौरान अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि राजकुमार को मृत अवस्था में लाया गया है। एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून से सने नमूने और अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही ई-साक्ष्य एप के माध्यम से घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया। 5 लोगों पर हत्या का केस दर्ज वहीं, रविवार को मृतक के बेटे रोहित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने प्रवीन, शेर सिंह, नवीन, संगीता और बबीता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 190, 191(3), 115(2) और 333 के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।