कुरुक्षेत्र में कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत:ओवरटेक कर रहा था ड्राइवर; 3 बच्चों का पिता था, गोदाम में करता था काम

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा ढांड रोड रोड पर कमोदा गांव के बस अड्डे के पास हुआ। कार ने दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए साइकिल के पीछे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर गया और उसका साइकिल काफी दूर जाकर गिरा। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले 30 साल अजय सदा के रूप में हुई है। पिछले साल ही अजय के घर बेटे का जन्म हुआ था। अजय अपने पीछे पत्नी रंजन देवी, बेटा आदर्श, बेटी अंकुश (2) व इंद्रो को छोड़ गया। परिवार के पालन-पोषण के लिए ही अजय कुरुक्षेत्र आया था। यहां चावल के गोदाम में काम करता था। सामान लेने गया था अजय दरभंगा के रहने वाले बलराम कुमार ने पुलिस को बताया कि ढांड रोड पर चावल गोदाम में बिहार के 11 मजदूर काम करते हैं। अजय सदा भी उनमें शामिल था। अजय साइकिल पर कमोदा अड्डा की तरफ सामान लेने निकला था। गोदाम से मेन सड़क पर उतरने के बाद करीब 100 मीटर ही आगे पहुंचा था। ड्राइवर ने उसके आगे चल रही दूसरी कार को तेज स्पीड से ओवरटेक किया। ओवरटेक करते हुए मारी टक्कर इसी दौरान कार दूसरी साइड में आ गई और साइकिल पर जा रहे अजय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अजय साइकिल समेत दूर जा गिरा। उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। ड्राइवर मौके से हुआ फरार हादसे के बाद ड्राइवर ने कार की रफ्तार धीमी की, लेकिन मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी तेजी से कार लेकर फरार हो गया। घायल अजय को तुरंत LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने थाना केयूके में केस दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *