कुछ दिनों की राहत के बाद पटना सहित पूरे राज्य में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। सोमवार को प्रदेश के 3 जिलों का तापमान 45°C के करीब पहुंच गया, जो इस साल बिहार में मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। 44.6°C के साथ गयाजी सबसे गर्म जिला रहा। रोहतास का तापमान 44.5°C , जबकि बक्सर का तापमान 44.4°C दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आज रोहतास, कैमूर और बक्सर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी को देखते हुए बक्सर डीएम ने क्लास 1 से 8 तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल 31 मई तक के लिए बंद करने का आदेश दिया है। वहीं समस्तीपुर में सुबह 11 बजे तक ही क्लास चलेंगे। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। शाम के समय कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, बिहार में 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जो 2 जून तक रहेगा। इस दौरान लगातार 9 दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिलेगा। इस अवधि में तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है। मौसम की कुछ तस्वीरें देखिए… बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम… 7 जिलों का टेंपरेचर 40 डिग्री पार बीते 24 घंटे के दौरान बिहार के 7 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी गयाजी में रही। यहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मोतिहारी, अरवल और जहानाबाद में भी तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। मोतिहारी में 39.6 डिग्री, अरवल में 39.3 डिग्री और जहानाबाद में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पटना में भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, ककोलत वॉटरफॉल में भीषण गर्मी के कारण पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ठंडे पानी में नहाने के लिए पहुंच रहे लोगों की संख्या इतनी अधिक है कि कुंड क्षेत्र में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। वहीं, भीषण गर्मी के कारण सोमवार को शेखपुरा में 14 छात्राएं बेहोश हो गईं। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) से छात्राएं हॉस्टल लौट रही थीं, तभी अचानक 14 छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं। आगे कैसा रहेगा मौसम कल से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 20 मई को उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। 21 मई को दक्षिण बिहार के जिलों में भी तेज हवा और बारिश के आसार हैं। उत्तर-पूर्व बिहार के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 19 मई से हल्की बारिश शुरू हो सकती है। वहीं पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण में भी छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है। कुछ जिलों में छाए रह सकते हैं बादल सीमांचल और कोसी क्षेत्र के कुछ जिलों में बादल छाए रहने और हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल और कटिहार में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि निचले वायुमंडल में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं सक्रिय हैं। इसके कारण अगले एक सप्ताह तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। हालांकि शाम के समय स्थानीय कारणों से कुछ इलाकों में हल्के बादल या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजधानी में मंगलवार को भी तेज धूप और उमसभरी गर्मी का असर बना रहेगा। दिन में गर्म हवा चल सकती है, जिससे लोगों को परेशानी होगी। मौसम विभाग ने दोपहर में जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। क्यों बदला मौसम का मिजाज मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले सप्ताह सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अब कमजोर पड़ गया है। बादलों की आवाजाही कम होते ही तेज धूप निकल रही है। हवा में पहले से मौजूद नमी के कारण तेज धूप के साथ उमसभरी गर्मी काफी बढ़ गई है। मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….