गुरुग्राम में नेशनल हाईवे (NH-48) पर राठीवास मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्राला ड्राइवर द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा ट्रक टकरा गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई है, जबकि उसके साथ बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को दिए बयान में कोटपूतली-बहरोड़ (राजस्थान) के प्रागपुरा निवासी 42 वर्षीय महेंद्र कुमार ने बताया कि वह दिल्ली के सोनिया विहार स्थित कामधेनु सीमेंट प्लांट में बतौर स्टोर कीपर काम करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे वह ड्यूटी खत्म कर प्लांट के बाहर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पास के ही श्रीराम प्लांट से एक खाली ट्राला उसने हाथ देकर ट्राला रुकवाया और चालक से कोटपूतली छोड़ने का आग्रह किया। चालक ने उन्हें गाड़ी में बैठा लिया। सफर के दौरान ड्राइवर ने अपना नाम राम सिंह, निवासी पछोदाला (कोटपूतली) बताया। लापरवाही से अचानक मारे ब्रेक, पीछे से घुसा ट्राला महेंद्र के अनुसार, जब उनका ट्राला गुरुग्राम के बिलासपुर थाना क्षेत्र में राठीवास मोड़ के पास पहुंचा, तो वहां फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था। उनके ट्राले के ठीक आगे एक अन्य ट्राला चल रहा था। आगे चल रहे ट्राले का अज्ञात ड्राइवर अपनी गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था और रास्ते में बार-बार अचानक ब्रेक लगा रहा था। राठीवास मोड़ के पास अज्ञात ड्राइवर ने अचानक फिर से जोरदार ब्रेक मार दिए। गति तेज होने के कारण पीछे चल रहा राम सिंह का ट्राला अनियंत्रित होकर सीधे आगे वाले ट्राले में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि ड्राइवर राम सिंह के दोनों पैरों और छाती पर अंदरूनी व गंभीर चोटें लगीं। वह केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। चालक को घोषित किया मृत हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला। दोनों को तुरंत बिलासपुर चौक स्थित आस्था अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने महेंद्र कुमार को इलाज के लिए भर्ती कर लिया, जबकि ड्राइवर राम सिंह को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच कर जारी घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस की टीम अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल महेंद्र कुमार की शिकायत पर अज्ञात ट्राला के ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना का कारण बने फरार ट्राला ड्राइवर की तलाश कर रही है और राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।