चंडीगढ़ के एडवोकेट पर फायरिंग:कुराली बाईपास पर हमला, पीछे से 3 गोलियां चलाईं, बाइक पर आया था हमलावर; दोस्त के साथ थे

न्यू चंडीगढ़ में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट पर फायरिंग हुई है। यह हमला कुराली बाईपास पर हुआ। हालांकि इस हमले में हाईकोर्ट के पूर्व सेक्रेटरी गगनदीप जम्मू बाल-बाल बच गए। गगनदीप चंडीगढ़ के सीनियर जर्नलिस्ट रहे बलविंदर जम्मू के बेटे हैं। हमले के बाद उनकी कार पर लगी गोलियों के निशान की फोटो सामने आई हैं। इस हमले के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने 3 फायर किए। मौके से ये खोल बरामद कर लिए गए हैं। वहीं हमले के बाद हाईकोर्ट की बार एसोसिएशन भड़क गई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी कानूनी बिरादरी पर हमला है। पुलिस तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करे। जानिए, हमले को लेकर एडवोकेट जम्मू ने पुलिस को क्या बताया… पिता बोले- पुलिस जांच में सच सामने आएगा
गगनदीप के पिता सीनियर जर्नलिस्ट बलविंदर जम्मू ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। पुलिस जांच में जो भी सामने आएगा, उसके बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। इसके अलावा फिलहाल मेरे पास बताने के लिए और कुछ नहीं है। DSP बोले- CCTV फुटेज से आरोपियों की शिनाख्त कर रहे
मुल्लापुर खरड़-2 के DSP हरकीरत सिंह ने बताया कि यह वारदात सोमवार रात करीब 10 बजे हुई। जैसे ही शिकायत मिली, पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर ली। फिलहाल आरोपियों के बारे में पता नहीं चला है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा। बार एसोसिएशन ने कहा- सख्त कार्रवाई हो
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने कहा कि यह हमला केवल एक वकील पर नहीं, बल्कि पूरी कानूनी बिरादरी की गरिमा, स्वतंत्रता और निर्भीक कार्यप्रणाली पर हमला है। एसोसिएशन ने प्रशासन और पुलिस से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बार एसोसिएशन ने कहा कि पूरी वकील बिरादरी गगनदीप जम्मू और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *