लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29) की हत्या कर दी गई। आज सुबह 11 बजे उनका शव नीलो नहर में मिला। इंदर को 6 दिन पहले गन गनपॉइंट पर किडनैप किया गया, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा हुआ था। परिवार ने कहा कि मोगा का रहने वाला व्यक्ति जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने किडनैप कर लिया था। फिर हत्या करने के बाद वह कनाडा भाग है। वह हत्या करने के लिए ही कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया था, फिर इसी रास्ते वापस भाग गया। 5 साल पहले दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, लेकिन जैसे ही इंदर को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं, तो उसने शादी करने से मना कर दिया था, इसी बात से आरोपी खुन्नस रखने लगा था। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव को नहर से बाहर निकलवा लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। इंदर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं। जबकि उसका एक भाई लुधियाना के जमालपुर में रहता है।
बाजार से घर का राशन-पानी लेने गई थी सिंगर के भाई जोतइंदर सिंह ने कहा कि, इंदर कौर 13 मई को रात करीब साढ़े 6 बजे अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार लेकर बाजार से घर का राशन-पानी (ग्रॉसरी) लेने निकली थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। जब लड़की वापस नहीं आई, तो परिवार वालों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। छानबीन के दौरान उन्हें पता चला कि यशइंदर की दोस्ती सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा नाम के एक व्यक्ति से थी, जो मूल रूप से मोगा का रहने वाला है, लेकिन अभी अपने परिवार के साथ कनाडा में रहता है। 13 मई की रात को सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, उसके पिता प्रीतम सिंह, उसके दोस्त करमजीत सिंह और कुछ अन्य अज्ञात साथियों ने मिलकर यशइंदर कौर को गन-पॉइंट पर जान से मारने की नीयत से अगवा कर लिया। कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया आरोपी भाई ने कहा कि सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, यशइंदर कौर पर जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था और इस काम में सुक्खा के पिता प्रीतम सिंह भी उसका साथ दे रहे थे। दूसरी तरफ, यशइंदर को पता चल चुका था कि सुखविंदर पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, इसलिए वह इस शादी के लिए साफ मना कर रही थी। उन्होंने कहा कि इसी बात का बदला लेने के लिए उसका अपहरण किया गया। आरोपी कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया था। मोगा से वह दो टैक्सियां किराए पर लेकर आया। यहां आकर उसने उसकी बहन को गन पॉइंट पर किडनैप किया। इसके बाद आरोपी सुखविंदर सिंह ने नहर के किनारे बहन की हत्या की और उसके बाद फिर से नेपाल के रास्ते कनाडा भाग गया है। 5 साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी पांच साल पहले इंदर कौर ने सिंगिंग छोड़ दी थी और अब बुटीक व मेकअप आर्टिस्ट का काम कर रही थी। बहन और आरोपी सुखविंदर की इंस्टाग्राम पर पिछले 5 साल से दोस्ती थी। वो घर आता जाता रहता था। उसका कनाडा में कंस्ट्रक्शन का काम था। मेरी भी उससे बातचीत होती रहती थी। जब पता चला कि वो शादीशुदा है, तो फिर बहन ने शादी से इनकार कर दिया। 13 मई को आखिरी बार 10 बजे रात को इंदर कौर से बात हुई। उसने कहा कि मैं घर आ रही हूं। उसके बाद उसका फोन बंद हो गया। उसके बाद नहीं पता कि क्या हो गया। इंदर के जन्मदिन पर भी आया था आरोपी रिश्तेदार और पूर्व पार्षद जसपाल सिंह ग्यासपुरा ने बताया कि सुखविंदर और इंदर की दोस्ती करीब 5-6 साल पुरानी थी। 13 जनवरी को इंदर के जन्मदिन पर भी सुखविंदर आया था। मार्च में उसने इंदर से शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में कहने लगा कि कुछ समय बाद शादी करेंगे। बाद में परिवार को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। उन्होंने बताया कि सुखविंदर कनाडा के कैलगरी में रहता है और वहां का PR होल्डर है। उसकी उम्र 37 साल है। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। जसपाल सिंह ने आरोप लगाया कि सुखविंदर ने ही इंदर की हत्या की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार और शव दोनों बरामद कर लिए हैं, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। किडनैपिंग वाली बात नहीं है। सुखविंदर ने कहा कि वो विदेश जा रहा है, तो इंदर उसे अपनी कार से छोड़ने जा रही थी। रास्ते में दोनों में क्या हुआ पता नहीं और उसने उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने कहा कि नीलो नहर में से लाश मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के लिए परिवार को बुलाया गया। जिसके बाद उसकी पहचान की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।