नूंह में ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती ने किया सुसाइड:परिजनों का आरोप- घर में घुसकर किया गैंगरेप, अश्लील वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी

हरियाणा के नूंह में एक 20 वर्षीय युवती ने गैंगरेप के बाद सुसाइड कर लिया। गांव के ही कुछ युवकों ने उसे घर में अकेला देखकर उसके साथ रेप किया और उसके अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। बदनामी के डर से युवती ने परिवार को घटना की जानकारी देने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल ले जाते समय युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर मांडी खेड़ा के अल आफिया अस्पताल में रखवाया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। युवती के पिता ने बिछौर थाने में युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। जानिए पिता ने शिकायत के क्या आरोप लगाए… 18 मई को घर में घुसे युवक बिछौर थाने में दी शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि 18 मई 2026 को वह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे गांव के ही तीन-चार युवक उनके घर में घुस आए। घर के एक कमरे में उनकी 20 वर्षीय बेटी सो रही थी। युवकों ने बेटी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड किए पिता का आरोप है कि आरोपियों ने घटना के दौरान बेटी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर बेटी को लगातार ब्लैकमेल करते रहे। साथ ही, किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। बदनामी के डर से जहर खाया शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद से उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। बेटी ने परिवार को जानकारी दी। बदनामी के डर और मानसिक दबाव के चलते मंगलवार शाम को उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते हुए मौत हुई इसी दौरान पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के प्रारंभिक बयान दर्ज किए। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल युवती का शव मांडी खेड़ा के अल आफिया अस्पताल में रखवाया गया। थाना प्रभारी बोले- जांच कर रहे बिछौर थाना प्रभारी राजबीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। शिकायत में दो युवकों के नाम दिए गए हैं, जबकि दो-तीन अन्य युवकों का भी जिक्र किया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर FIR दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *