जालंधर में नशेड़ियों ने बुजुर्ग से 40 हजार छीने:बातों में उलझाकर किया बेहोश, लोगों ने 2 आरोपियों को पकड़ा;1 घंटे बाद पहुंची पुलिस

जालंधर के फगवाड़ा गेट के पास नशे के आदी 2 युवकों ने एक बुजुर्ग को अपनी ठगी का शिकार बनाया। घटना बुधवार देर शाम 7.30 बजे की है। आरोपियों ने पहले बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाया, फिर उनके पैर दबाने के बहाने उन्हें बेहोश कर दिया और उनकी जेब से करीब 35 से 40 हजार रुपए निकाल कर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद स्थानीय लोगों और पीड़ित के रिश्तेदारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन की सुस्ती पर गंभीर सवाल उठाए हैं, क्योंकि घटना के एक घंटे के बाद पुलिस पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े गए युवक ‘चिट्टे’ (एक प्रकार का घातक ड्रग्स) के नशे के आदी हैं। इन्होंने रास्ते से गुजर रहे एक बुजुर्ग को निशाना बनाया। लोगों ने जब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली, तो उसमें भी इन दोनों आरोपियों की करतूत साफ नजर आ रही थी। नशे की लत को पूरा करने के लिए करते है चोरियां पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने माना कि वे नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरियां और झपटमारी करते हैं। इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा देखा गया। लोगों का कहना है कि शहर में जगह-जगह पुलिस के नाके लगे होने के बावजूद ऐसी वारदातें हो रही हैं। काफी देर से पहुंची पुलिस लोगों ने आरोप लगाया कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस को फोन कर सूचित किया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जनता ने खुद आरोपियों को पकड़कर एक जगह बिठाए रखा। लोगों का कहना है कि जब रंगे हाथों चोर पकड़े जा रहे हैं, तब भी पुलिस ढीला रवैया अपना रही है। लोगों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *