पंचकूला के प्राचीन शिव मंदिर में लगी आग:आरती के दौरान मची अफरा-तफरी; सभी श्रद्धालु सुरक्षित, ऑफिस में रखा सामान जला

पंचकूला के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बुधवार रात आग लग गई। आग मंदिर के बाहर लगे बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई, जिसने मंदिर कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय मंदिर में शाम की आरती चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बिजली के खंभे में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद निकली चिंगारी मंदिर कार्यालय तक पहुंच गई। कार्यालय में रखे गद्दे, चादर और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। आग लगते ही पूरे मंदिर परिसर की बिजली गुल हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, मंदिर प्रबंधन, पुजारियों और सेवादारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। एक घंटे में आग पर पाया काबू सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग से मंदिर कार्यालय में रखा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *