लुधियाना में फंदे से लटकती मिली विवाहिता:1 साल पहले हुई थी मैरिज; मायके वालों का आरोप-हत्या की गई

लुधियाना टिब्बा रोड स्थित गुलाबी बाग इलाके में एक 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान आरती कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के मायके परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची टिब्बा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जीजा के दोस्त का आया फोन, कहा- तुम्हारी बहन ने सुसाइड कर लिया मृतका के भाई तेजू निवासी खासी कलां ने पुलिस को बताया कि आरती की शादी करीब एक साल पहले 14 अप्रैल 2025 को गुलाबी बाग निवासी युवक जतिन के साथ हुई थी। तेजू के मुताबिक बीती रात करीब 9 बजे उनके जीजा के एक दोस्त का फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि तुम्हारी बहन आत्महत्या कर ली है। यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए और वे तुरंत बेटी के ससुराल पहुंचे जहां आरती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। मायके पक्ष का आरोप-शादी के बाद से ही करते थे परेशान भाई तेजू और मां का आरोप है कि आरती ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि उसकी हत्या करके शव को पंखे से लटकाया गया है ताकि यह सुसाइड लगे। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही आरती ससुराल में काफी परेशान रहती थी। ससुराल परिवार में उसका पति और सास-ससुर हैं जो उसे प्रताड़ित करते थे। आरती का मायका खासी कलां में है जहां परिवार में उसकी मां और दो शादीशुदा भाई हैं। आरती की मौत के बाद से पूरे मायके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हर पहलू से जांच कर रही पुलिस मामले को लेकर टिब्बा थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामला संदिग्ध है इसलिए हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है। मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *