यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मोदी को गाली दी:महोबा में दुष्कर्म पीड़ित से मिलने पहुंचे थे; योगी बोले- ये माफी मांगने लायक भी नहीं

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दे रहे हैं। अजय राय शुक्रवार को महोबा में पुलिस को चकमा देते हुए कथित गैंगरेप और अपहरण पीड़ित NEET छात्रा से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब अजय राय वापस जाने के लिए अपनी कार में सवार थे, तभी अपने एक कार्यकर्ता से उन्होंने पीएम मोदी और महोबा एसपी शशांक सिंह को गाली दी। उनकी यह बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। अजय राय पर भाजपा के कई बड़े नेताओं ने पलटवार किया है। 1 मई को अजय राय जब बीमार हुए थे, तब पीएम मोदी ने X पोस्ट कर उनके स्वस्थ होने की कामना की थी। भाजपा ने इसी बात को आधार बनाकर कहा, कांग्रेस का स्तर यही है, जो शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से देती है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, अजय राय से पहले कांग्रेस के युवराज (राहुल गांधी) भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है। 2 तस्वीरें देखिए… अजय राय बोले- छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाया गया अजय राय ने दुष्कर्म पीड़ित और उसके परिवार से मुलाकात करने के बाद कहा, योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में केवल झूठे वादे किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर इंजेक्शन दिए गए। प्रताड़ित किया गया और जबरन उसकी शादी कराई गई, लेकिन पुलिस निष्क्रिय रही और अपराधियों को संरक्षण देती रही। पीड़ित छात्रा का सपना एमबीबीएस डॉक्टर बनने का था और 3 मई को उसकी परीक्षा थी, जो इस घटना के कारण बाधित हो गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चले और पीड़ित परिवार को तत्काल 50 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाए। उन्होंने कहा, हमारे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस धमका रही है। लेकिन राहुल गांधी के सिपाही डरने वाले नहीं हैं। साल 2027 में कांग्रेस की सरकार आते ही दमनकारी अधिकारियों को चिन्हित कर उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए आखिरी सांस तक खड़ा रहेगा। भाजपा नेता बोले- पीएम ने बीमारी में हाल जाना था, अजय ने अभद्रता से जवाब दिया भाजपा IT सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने X पर लिखा, कुछ दिन पहले जब अजय राय अस्वस्थ थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। लेकिन आज वह अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए। यही कांग्रेस का स्तर है, जो शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से देती है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, यह गांधीवादी कांग्रेस नहीं गालीवादी कांग्रेस बन चुकी है। इसलिए राहुल गांधी ने पहले प्रधानमंत्री को गद्दार कहा। और अब उन्हीं के निर्देश पर इस तरह की भाषा अजय राय ने इस्तेमाल की है। 150 से अधिक गालियां प्रधानमंत्री को, उनके समाज, उनके परिवार, उनके माता-पिता को दी गई, यह इसलिए किया जाता है क्योंकि उनके पास प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई असली मुद्दा नहीं है। एक तरफ अजय राय जब बीमार होते हैं तो प्रधानमंत्री उनका हाल-चाल पूछते हैं लेकिन दूसरी तरफ वे ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं। यूपी भाजपा ने X पर कहा, कांग्रेसी नस्ल की अशिष्ट फसल। प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना राजनीति नहीं, बल्कि कांग्रेसियों की कुंठा को दर्शाता है। पुरानी कहावत है- पिता पे पूत, नस्ल पे घोड़ा। बहुत नहीं तो थोड़ा-थोड़ा। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, चाहे राहुल गांधी हों, या अन्य नेता, जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, यह उनका मानसिक दिवालियापन है। देश के सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की दुर्भावना रखना, इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना, भारत की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। ——————————- ये खबर भी पढ़ें… धनंजय के गढ़ में बेटा लॉन्च करने को तैयार बृजेश:पर्दे के पीछे से दो नेता कर रहे प्लानिंग; धनंजय कह चुके- मैं डरने वाला नहीं 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में अभी 8 महीने से ज्यादा का समय है। लेकिन, पूर्वांचल की सियासत में नई जंग छिड़ती दिख रही है। चर्चा है, बाहुबली नेता धनंजय सिंह के गढ़ जौनपुर में उनके विरोधी बृजेश सिंह एंट्री लेने वाले हैं। पढ़िए पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *