राज्यपाल ने कहा-रोजगार मांगने के बजाय उद्यमिता अपनाएं, शोध को किसानों से जोड़ें

राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने कहा कि पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य क्षेत्र बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रिसिजन डेयरी फार्मिंग और तकनीक आधारित पशुपालन से ही इस क्षेत्र का भविष्य बदला जा सकता है। विश्वविद्यालयों को उद्योग और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों से कहा कि वे शोध प्रयोगशालाओं को सीधे गांवों और किसानों से जोड़ते हुए नवाचार का मुख्य केंद्र बनें। वे शुक्रवार को बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के चौथे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। अधिवेशन भवन में आयोजित इस समारोह में 148 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर आैर पीएचडी की उपाधियां दी गईं। इस दौरान डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम ने राज्य सरकार द्वारा इस क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को रेखांकित किया, जबकि कुलपति डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और अनुसंधान संबंधी उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की।
उद्यमिता की दिशा में काम करें विद्यार्थी राज्यपाल ने विद्यार्थियों से पारंपरिक रोजगार तक सीमित न रहकर उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता केवल उत्पादन बढ़ाने की नहीं, बल्कि आधुनिकीकरण, मूल्य संवर्धन, कोल्ड-चेन अवसंरचना, बेहतर पशु चिकित्सा सेवाओं, वैज्ञानिक प्रजनन और बाजार से जुड़ाव को मजबूत करने की है। उन्होंने विश्वविद्यालयों से अपेक्षा की कि वे शोध प्रयोगशालाओं को गांवों और किसानों से जोड़ते हुए नवाचार का केंद्र बने। सभी गोल्ड मेडल पर बेटियों का कब्जा दीक्षांत समारोह में सभी गोल्ड मेडलिस्ट छात्राएं रहीं। दो गोल्ड मेडल के साथ यूनिवर्सिटी टॉपर रही निधि रानी ने बताया कि उनका दो नंबर से मेडिकल में नामांकन नहीं हो पाया था। दो बार नीट की परीक्षा दी। तीसरी बार हिम्मत नहीं हुई। कहा कि समाज में वेटनरी के प्रति जागरुकता की कमी है। इसलिए, हर कोई डॉक्टर बनने के पीछे भागता है। बिहार वेटेरिनरी कॉलेज, पटना की छात्राएं सुरभि कुमारी एवं आकृती कुमारी को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल दिया गया। सुरभि मुंगेर तो डॉ. आकृती शेखपुरा की रहने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *