भास्कर न्यूज| जालंधर सूरानुस्सी इलाके में चोरों ने एक मिठाई की दुकान को चौथी बार निशाना बनाया। तड़के बाइक पर आए तीन नकाबपोश चोरों ने आनंद स्वीट्स शॉप के ताले तोड़कर मुख्य गल्ले से नकदी चुराने के साथ-साथ दुकान के अंदर बने मंदिर की पूरी तिजोरी ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ है कि सुबह के वक्त एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश चोर दुकान के बाहर आकर रुकते हैं। कुछ देर आस-पास रेकी करने के बाद, दो चोर ताला तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हो जाते हैं, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर बाइक पर बैठकर निगरानी करता है। एक चोर काउंटर के गल्ले से पैसे निकालने में लग जाता है। इसी बीच दूसरा चोर दुकान में बने मंदिर की तिजोरी को खोलने की कोशिश करता है। जब तिजोरी हाथ से नहीं खुलती, तो वे पेचकस से उसे उखाड़ने का प्रयास करते हैं। इसके बाद चोर तिजोरी को उठाकर फरार हो जाते हैं। दुकान के मालिक अश्वनी कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह उनके एक कर्मचारी का फोन आया था, जिसने दुकान के ताले टूटे होने की जानकारी दी। चोरों ने दुकान के गल्ले से करीब 8 से 9 हजार रुपए उड़ाए हैं। वहीं, जो मंदिर की तिजोरी चोर उखाड़कर ले गए हैं, उसमें भक्तों की श्रद्धा के करीब 28 से 30 हजार रुपये जमा थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।