बिहार में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को राज्य के 14 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में लू का असर सबसे अधिक देखने को मिलेगा। लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। विभाग के मुताबिक तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लू लगने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। गर्मी में वंदे भारत एक्सप्रेस, उपासना, विभूति और फरक्का एक्सप्रेस जैसी करीब 20 प्रमुख ट्रेनें 30 मिनट से 4 घंटे तक लेट चल रही हैं। इससे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को परेशानी हो रही है। मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले गर्मी के कारण गैजेट्स को होने वाले नुकसान के बारे में जान लीजिए देश के कई हिस्सों में तापमान 45°C पार पहुंच गया है। इस दौरान मोबाइल, लैपटॉप या पावर बैंक जल्दी गर्म होते हैं। इससे बैटरी डैमेज, लो परफॉर्मेंस या अचानक डिवाइस बंद होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आज ‘जरूरत की खबर’ में जानेंगे कि हाई टेम्परेचर का गैजेट्स पर क्या प्रभाव पड़ता है और इन्हें ओवरहीटिंग से कैसे बचाएं? पढ़ें पूरी खबर… सीमांचल और कोसी में बदलेगा मौसम सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहेगा। इन जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 2 तरह के मौसम की ये है वजह मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार में इस समय दो अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिम और दक्षिण बिहार में शुष्क और गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हीट वेव जैसी स्थिति बन रही है। वहीं उत्तर-पूर्व और सीमांचल के जिलों में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त पूर्वी हवाएं प्रवेश कर रही हैं। इसी कारण उन इलाकों में बादल बन रहे हैं और हल्की बारिश तथा मेघ गर्जन की स्थिति उत्पन्न हो रही है। नमी और शुष्क हवाओं के टकराव से राज्य में अलग-अलग मौसम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। देखें बारिश की कुछ तस्वीरें… वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 20 ट्रेनें 30 मिनट से 4 घंटे तक लेट रहीं सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी तो आम बात है, लेकिन अब भीषण गर्मी में भी यही हाल है। वंदे भारत एक्सप्रेस, उपासना, विभूति और फरक्का एक्सप्रेस जैसी करीब 20 प्रमुख ट्रेनें 30 मिनट से 4 घंटे तक लेट चल रही हैं। इसका खामियाजा इस भीषण गर्मी में यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। चिलचिलाती धूप और लू के बीच स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का घंटों इंतजार करना यात्रियों के लिए किसी सजा से कम नहीं है। बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम शुक्रवार को अररिया, सुपौल, जहानाबाद, नवादा और नालंदा में बारिश हुई। सुपौल, अररिया और जहानाबाद में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, पटना, बक्सर, सासाराम, शेखपुरा समेत कई जिलों में लू चली। तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच रहा। पिछले 24 घंटे में 60 मिमी तक बारिश भीषण गर्मी के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार में करीब 60 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश मधुबनी में 54 मिमी रिकॉर्ड की गई। मधुबनी के झंझारपुर में 95.2 मिमी, लखनौर में 71 मिमी, बसोपट्टी में 54 मिमी और अररिया के फारबिसगंज में 41.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस सीजन में अबतक 128.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 60.7 मिमी की तुलना में 111 प्रतिशत अधिक है। पटना में आज कैसा रहेगा मौसम राजधानी में आज तेज धूप और उमस भरी गर्मी रहेगी। दिन के समय लू चलेगी। अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। आगे क्या 25 से कुछ राहत की उम्मीद मौसम विभाग की सलाह दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलें। पर्याप्त पानी और ओआरएस का सेवन करते रहें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। आंधी और वज्रपात की चेतावनी वाले क्षेत्रों में खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।