तरनतारन में नगर पंचायत चुनाव बैठक में हमला:तेजधार हथियार लेकर आए आरोपी, अकाली दल उम्मीदवार के घर तोड़फोड़, 70 पर केस दर्ज

तरनतारन के भिखीविंड नगर पंचायत चुनावों के दौरान हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 12 से शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार के घर चल रही एक बैठक के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर हमला और तोड़फोड़ की गई। घटना के समय पूर्व विधायक विरसा सिंह वल्टोहा के बेटे गौरवदीप सिंह वल्टोहा भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता सरबजीत सिंह ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उनकी पत्नी नगर पंचायत चुनाव में शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार हैं। चुनाव प्रचार को लेकर उनके घर पर बैठक रखी गई थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग अचानक घर के बाहर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर तेजधार हथियारों से लैस थे और उन्होंने घर के मुख्य गेट के साथ बाहर खड़े मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। शिकायत में कई नामजद, 70 अज्ञात शामिल शिकायत में गुरजंट सिंह जंटा, राजबीर सिंह राजू, साजन सिंह, निहाल सिंह, जशनदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह गोपी, गोपाल सिंह गुपाला, गुरप्रीत सिंह तथा बलविंदर कौर सहित करीब 70 अज्ञात लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि स्थानीय लोगों में भी डर और चिंता देखी जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस के थाना भिखीविंड की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *