अमृतसर में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर पुलिस की रेड:एक महिला गिरफ्तार; 2 दिन पहले धमाके में गई थी एक जान

अमृतसर के अनगढ़ इलाके में पुलिस ने अवैध पटाखा बनाने वाली फैक्ट्रियों पर रेड की है। इस दौरान एक महिला को अरेस्ट किया गया है। एसीपी सुरिंदर सिंह ने बताया कि सेंट्रल सब-डिवीजन के अंतर्गत थाना गेट हकीमां की एसएचओ मनजीत कौर और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पिछले कई दिनों से अनगढ़ क्षेत्र में घरों के भीतर अवैध रूप से पटाखे बनाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। बता दें कि इसी इलाके में गुरुवार को अनगढ़ पुलिस चौकी से मात्र 50 मीटर दूरी पर एक घर में जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें एक महिला की मौत जबकि 2 लोग घायल हो गए थे। इसी घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पटाखा बनाने वाले सामान किया बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कुलविंदर कौर नाम की एक महिला को भारी मात्रा में अवैध पटाखों और पटाखा बनाने वाले सामान के साथ मौके पर ही काबू किया, जब वह पटाखे बना रही थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा नंबर 147 एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी और प्रिवेंटिव कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसीपी सुरिंदर सिंह ने कहा कि घरों के अंदर अवैध रूप से पटाखे बनाना बेहद खतरनाक है, इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है और जान-माल का भारी नुकसान भी हो सकता है। उन्होंने अनगढ़ क्षेत्र के लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियां चल रही हों तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें। पिछले 15 सालों में 8 बड़े धमाके हुए पिछले 15 सालों में धमाकों में कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है, 29 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की आंखें, हाथ या पैर भी चले गए। इन सब की वजह ज्यादातर अवैध पटाखा बनाना, केमिकल मिक्स करना या स्टॉक रखना है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *