पंजाब के पटियाला में कोचिंग इंस्टीट्यूट (कंप्यूटर सेंटर) की महिला संचालक को बदमाशों ने रॉड, डंडे और गंडासे से पीट दिया। आरोपियों ने वहां पढ़ रहे कई स्टूडेंट्स के साथ भी मारपीट की। बीच-बचाव करने आए महिला संचालक के बेटे पर भी लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों ने भी मोबाइल फोन में वीडियो बनाए। घटना के बाद अर्बन स्टेट थाने के SHO गुरप्रीत सिंह समराव ने बताया कि हमला रेंट (किराया) बढ़ाने को लेकर हुआ था, जहां यह कोचिंग सेंटर चलाया जा रहा है। हालांकि, दोनों का कोर्ट केस भी चल रहा है। पुलिस ने बयान दर्ज कर आरोपियों पर केस कर जांच शुरू कर दी है। हमले के PHOTOS… सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… रेंट को लेकर हमला किया पंजाब पुलिस के अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि कोचिंग सेंटर के मैनेजर/मालिक अशोक कुमार गोयल ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, पूरा विवाद उस बिल्डिंग के रेंट (किराए) को लेकर है, जहां यह कोचिंग सेंटर चलाया जा रहा है। बिल्डिंग मालिक पिछले कुछ समय से लगातार रेंट बढ़ाने का दबाव बना रहा था और उसने कुछ दिन पहले सेंटर खाली करने या रेंट बढ़ाने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में किराएदारों ने कोर्ट में केस भी दायर किया हुआ है। कोर्ट केस से गुस्साए मकान मालिक ने हमला करवा दिया। SHO बोले-घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे SHO अर्बन स्टेट गुरप्रीत सिंह समराव ने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वारदात के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला तोड़फोड़ और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।