जालंधर के सुनियारा बाजार में आज (23 मई को) एक विवाहित जोड़े ने घरेलू विवाद को लेकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पति और पत्नी ने सभी के सामने एक-दूसरे पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। पति का कहना था कि पत्नी छोटे-मोटे झगड़े कर मायके चली जाती है। शादी को अभी केवल 1 साल हुआ है। इतने समय में ही वह 4 बार लड़कर मायके जा चुकी है। वहीं, पत्नी ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते हैं। इनकी वजह से वह 6 माह से मायके में ही रह रही है। अब वह पति के साथ उसकी दुकान पर बैठकर दुकान चलाना चाहती है। हंगामे को निपटाने के लिए बाजार के प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को गुरुद्वारा साहिब बुलाया है, ताकि दोनों के बीच के झगड़े को सुलझाया जा सके। पति की दुकान पर पहुंची थी पत्नी जानकारी के मुताबिक, आज महिला अचानक सुनियारा बाजार स्थित अपने पति की दुकान पर भाई के साथ पहुंच गई। वह डिमांड करने लगी कि वह भी पति के साथ दुकान पर बैठेगी और दुकान चलाएगी। अपनी पत्नी को अचानक दुकान पर देखकर पति भी भड़क गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते इस पारिवारिक झगड़े ने एक बड़े हंगामे का रूप ले लिया। इससे लोग मौके पर जमा हो गए। वे दोनों पति-पत्नी को शांत करने की कोशिश भी कर रहे थे। साथ ही कुछ लोग इनका वीडियो बना रहे थे। पति बोला- पत्नी की बार-बार मायके भागने की आदत जालंधर के सुनियारा बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले पति राहुल करवल ने बताया कि उनकी शादी को केवल एक साल ही बीता है। इतने कम समय में ही उनकी पत्नी सिमरन कौर 4 बार बड़े झगड़े कर चुकी है। उन्होंने कहा- पत्नी बिना बताए या छोटे-मोटे विवादों के कारण चार बार मायके जा चुकी है। पत्नी की इस आदत और बार-बार घर छोड़कर जाने के व्यवहार से मैं मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुका हूं। पत्नी ने कहा- कलेश से तंग आकर ससुराल छोड़ा वहीं, मॉडल हाउस क्षेत्र की रहने वाली पत्नी सिमरन कौर ने अपने पति की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया। महिला का दावा है कि वह अपनी मर्जी से बार-बार घर छोड़कर नहीं गई, बल्कि वह शादी के बाद पहली बार अपने मायके लौटी थी। पत्नी ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि उसका अपनी सास के साथ गंभीर विवाद हुआ था। सास के साथ हुए इसी गहरे झगड़े और मानसिक कलेश के कारण उसे मजबूरन अपना ससुराल का घर छोड़ना पड़ा था। पिछले 6 महीनों से वह पूरी तरह अलग होकर मायके में रह रही है। दोनों पक्षों को गुरुद्वारा साहिब बुलाया झगड़े को सुलझाने के लिए सुनियारा बाजार के प्रधान ने दोनों पक्षों को गुरुद्वारा साहिब बुलाया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को गुरुद्वारा साहिब के परिसर में एक साथ बिठाया जाएगा, जहां पूरी मर्यादा और शांतिपूर्ण माहौल में उनके बीच बातचीत की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों परिवारों और दंपति के विस्तृत बयान दर्ज करने के बाद ही समाज के मौजिज लोगों की उपस्थिति में इस पारिवारिक कलह और आपसी मतभेदों को पूरी तरह सुलझाया जाएगा। हालांकि, दोनों पक्षों में से कोई भी गुरुद्वारा नहीं गया।