कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र में लगी आग:फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ी मौके पर पहुंची; PM मोदी ने किया था उद्घाटन

कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग केंद्र के एक हिस्से में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महाभारत अनुभव केंद्र करीब 206 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है और इसे आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाभारत और गीता के इतिहास को दर्शाने के लिए विकसित किया गया है। यह केंद्र ज्योतिसर में स्थित है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने का पौराणिक स्थल माना जाता है। आग के कारणों का पता नहीं घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन बता दें कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। केंद्र में आधुनिक डिजिटल तकनीक, लाइट एंड साउंड शो तथा महाभारत काल से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्रदर्शित की जाती हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *