बिहार में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को राज्य के 14 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज उमस और गर्मी से लोग बेहाल रहेंगे। साथ ही लू चलने की भी आशंका जताई है। इसके अलावा 13 जिलों में आंधी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में 50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। रविवार को बिहार के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान डेहरी (रोहतास) में 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। बिहार में दो तरह का मौसम क्यों बन रहा मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में इस समय दो अलग-अलग मौसम सिस्टम एक्टिव हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी उत्तर और पूर्वी बिहार तक पहुंच रही है, जिससे वहां बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार में सूखी और गर्म पछुआ हवाएं लगातार चल रही हैं। झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के गर्म इलाकों से आने वाली गर्म हवा मगध और शाहाबाद क्षेत्र में तापमान को और बढ़ा रही है। यही वजह है कि राज्य के एक हिस्से में बारिश हो रही है, जबकि दूसरे हिस्से में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। दक्षिण और पश्चिम बिहार में हीट वेव का कहर बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के 8 जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। क्या 30 मई तक जारी रहेगी भीषण गर्मी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम बिहार में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। 28 से 30 मई तक कई जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में बीच-बीच में बारिश और तेज हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। देखिए मौसम से जुड़ी कल की तस्वीरें… पटना में आज कैसा रहेगा मौसम राजधानी में सोमवार को मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। दिन में तेज धूप रहेगी और अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री के आसपास रह सकता है। हालांकि शाम के समय हल्के बादल छाने और हवा चलने की संभावना है।