जौनपुर के चर्चित दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख के इनामी रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। रवि यादव खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार सोमवार भोर में मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए रवि यादव को ढेर किया गया। मामले में एसआईटी और एसटीएफ लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आजाद बिंद हत्याकांड में पुलिस आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवा निवासी प्रदीप बिंद और सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर निवासी भोले राजभर की भी तलाश कर रही है। दोनों आरोपियों पर भी एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। बरात लेकर जाते समय हुई थी हत्या सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी मोरख नाथ बिंद की पुत्री सोनी बिंद से तय हुई थी। एक मई की रात आजाद बिंद बरात लेकर जा रहा था। इसी दौरान घर से करीब सात किलोमीटर दूर खेतासराय के बादशाही बाजार के पास रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उसकी कार रोक ली और गोली मारकर हत्या कर दी थी। 13 सहयोगियों को पहले ही भेजा जा चुका जेल मृतक के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक इस मामले में शरणदाता और सहयोगी के रूप में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अब पढ़िए क्या था पूरा मामला जौनपुर में बारात लेकर जा रहे 22 साल के दूल्हे की हत्या दुल्हन के ममेरे भाई ने की थी। वह उसकी लव-मैरिज से नाराज था। परिवार वालों से रिश्ता तोड़ने के लिए कह रहा था। जब उन्होंने बात नहीं मानी तो दूल्हे को ही मार डाला। इसकी पुष्टि एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने की है। उन्होंने बताया- ममेरे भाई प्रदीप बिंद ने शुक्रवार रात 9 बजे अपने साथी रवि यादव के साथ चेहरा ढककर दूल्हे आजाद बिंद की कार को ओवरटेक कर रोका, फिर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आजाद के पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने वारदात के बाद दुल्हन सोनी बिंद से पूछताछ की तो उसने प्रदीप, रवि और भोले राजभर के नाम बताए। प्रदीप और रवि को भोले ने ही दूल्हे की लोकेशन शेयर की थी। एसपी ने कहा- पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं। बारात रोककर फायरिंग की, बाइक से आए थे आरोपी सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव के रहने वाले रामलखन के बेटे आजाद की शुक्रवार को शादी थी। आजाद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी बारात 20 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए रात 8 बजे निकली। बारात में तीन गाड़ियां थीं। एक में दूल्हा और बाकी दोनों गाड़ियों में परिवार के लोग बैठे थे। दूल्हे के भाई और चश्मदीद गवाह आकाश ने बताया- मेरा भाई आजाद बिंद कार की अगली सीट पर बैठा था। मोबाइल चला रहा था। मैं कार में पीछे बैठा था, मैं भी मोबाइल चला रहा था। कार रोड के किनारे खड़ी थी। हम लोग पीछे आ रहे बारातियों का इंतजार कर रहे थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार होकर दो लोग आए। मुंह पर गमछा बंधा था, रात में भी आंखों पर धूप का चश्मा लगाए थे। बाइक की नंबर प्लेट पर भी कपड़ा बंधा था। उन्होंने कार का शीशा खटखटाया। भाई ने जैसे ही शीशा नीचे किया, पीछे बैठे युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गाड़ी का ड्राइवर दूल्हे को छोड़कर जान बचाकर भाग गया। मैं पीछे जान बचाने के लिए नीचे झुककर छिप गया। इतने में पीछे आ रही गाड़ियां पहुंचीं तो बदमाश भाग गए। परिजनों ने दरवाजा खोला तो भाई खून से लथपथ था। उसे पास के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। CCTV में भागते दिखे आरोपी, दुल्हन और दूल्हे के भाई ने पहचाना पुलिस को आरोपी बाइक सवारों का भागते हुए एक CCTV फुटेज मिला। दूल्हे आजाद के भाई आकाश और दुल्हन सोनी ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने बताया- सीसीटीवी से पता चला कि बाइक सवार आरोपी सरायख्वाजा की तरफ से आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद खेतासराय की तरफ भाग गए। पुलिस रास्तों में लगे और सीसीटीवी रिकॉर्ड खंगाल रही है। रूट मैप तैयार किया जा रहा है, ताकि आरोपियों को ट्रेस किया जा सके। दुल्हन बोली- हमारी लव मैरिज हो रही थी पुलिस ने दुल्हन सोनी के हवाले से बताया- आजाद और मैं दूर के रिश्तेदार थे। दो साल पहले एक शादी में मिले थे। तब से हम दोनों का अफेयर था। 6 महीने पहले हमारी शादी तय हुई थी। प्रकाश को यह बात पसंद नहीं थी। वह कई बार मुझे आजाद से बात करने के लिए मना कर चुका था। लेकिन मैंने अपने घरवालों को इस रिश्ते के लिए तैयार कर लिया। प्रकाश भी दो दिन पहले ही शादी के शामिल होने के बहाने घर पर आया था। वह शाम को बिना बताए घर से निकल गया। उसी ने मेरे होने वाले पति को मार डाला। दुल्हन का भाई बोला- आधे घंटे में बारात पहुंचने वाली थी दुल्हन के भाई ने बताया कि बहन की शादी थी। बारात आने वाली थी। हम लोग नास्ते पानी की व्यवस्था कर रहे थे। तभी सूचना आई कि दूल्हे को गोली मार दी गई है। फिर यहां पर नाच-गाना बंद कराया गया। हम लोग भागते हुए वहां गए। दूल्हे की मौत हो गई। पिता बोले- 3 साल पहले बेटे को 30 लोगों ने पीटा था दूल्हे के पिता रामलखन बिंद ने बताया- मैं बारात में सबसे पीछे वाली गाड़ी में था। इसी दौरान फोन पर सूचना मिली कि बेटे को गोली लग गई है। 3 साल पहले जपतापुर गांव के 30 लोगों ने उन्हें और उनके बेटे को बुरी तरह पीटा था। इससे दोनों के हाथ-पैर तक टूट गए थे। उन्होंने मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शहनाई की धुन की बजाय, मातम पसरा दुल्हन के रिश्तेदारों ने बताया- हमने शादी की पूरी तैयारियां कर ली थीं। बारात सिर्फ 10 किलोमीटर दूर थी। हमारी फोन पर बात हुई थी तो कहा था- आधे घंटे में बाराती पहुंच जाएंगे। हम बारातियों के जलपान की तैयारियां कर रहे थे। तभी रात करीब 9:30 बजे मोबाइल पर सूचना मिली कि दूल्हे की हत्या हो गई है। दुल्हन के गांव के ग्राम प्रधान मोहम्मद इसराइल जमदहा ने बताया- हम लोग एक जगह बैठे थे तो अचानक सूचना आई कि आपके गांव में जो शादी हो रही है, उसकी बारात में जा रहे दूल्हे को बदमाशों ने गोली मार दी है। पुलिस लड़की पक्ष के कुछ लोगों को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है। दूल्हे के गांव के प्रधान अमर कुमार बिंद ने बताया- मनेच्छा गांव के आगे हाइडिल के पास वारदात हुई। पीठ में लगी गोली सीने में फंसी
दूल्हे आजाद बिंद का पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी के बीच शाम 5 बजे कराया गया। इस दौरान दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। रिपोर्ट में सामने आया कि एक गोली पीठ में लगी थी, जो सीने में जाकर फंस गई थी। वहीं, दूसरी गोली जबड़े में लगी थी, जो निकल गई थी। पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों ने आक्रोश जाहिर करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन पर बैठेंगे। इसके बाद पुलिस अफसरों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन खुद शव को लेकर घर जाना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने अपनी कस्टडी में शव को एंबुलेंस से घर ले गई। इसके बाद पुलिस निगरानी में रामघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। धरी रह गईं शादी की तैयारियां, तस्वीरें देखिए… पहले ही गैंगस्टर एक्ट के आरोपी, दूल्हे पर भी दो केस सीओ शाहगंज गिरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया- मृतक दूल्हे आजाद बिंद के खिलाफ पहले से मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा प्रकाश बिंद के खिलाफ आजमगढ़ और रवि यादव के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका है। भाजपा नेता और जिप सदस्य का भाई है आरोपी भोले पुलिस ने बताया- हत्याकांड का तीसरा आरोपी भोले राजभर भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य सोले राजभर का छोटा भाई है। भोले राजभर पर भी गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। ——————————————— ये खबर भी पढ़ेंः- राम जन्मभूमि में ड्यूटी के दौरान PAC जवान की मौत:अचानक सीने में उठा दर्द, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा में तैनात पीएसी जवान की शनिवार शाम को हार्टअटैक से मौत हो गई। जवान की पहचान 55 वर्षीय नरेंद्र बहादुर सिंह के रूप में हुई है। वह अयोध्या के तुलसी नगर कैंप में पीएसी की 12वीं वाहिनी में तैनात थे और पिछले फरवरी से राम जन्मभूमि के रेड जोन में ड्यूटी कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…