कैथल में युवक पर गंडासी-लाठियों से ताबड़तोड़ हमला:हाथ-पेट समेत अन्य जगहों पर वार; बेसुध होने पर छोड़कर भागे

कैथल जिले के चीका में करीब 10 आरोपियों ने मिलकर एक युवक पर गंडासी, डंडे व लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके हाथों, पेट व अन्य जगहों पर गंडासियां मारी। जब युवक बेसुध हो गया तो आरोपी अपने हथियारों सहित मौके से भाग गए। युवक को अस्पताल में जाकर होश आया। इस संबंध में युवक ने चीका थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कार्यक्रम में आए रिश्तेदारों से हुआ था झगड़ा वार्ड नंबर 12 चीका निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। 22 मई को उनके घर पर एक कार्यक्रम था। इसमें उसके परिवार वाले व रिश्तेदार आए हुए थे। उसके मामा का लड़का रेहान भी आया हुआ था। गली से निकलने को लेकर रेहान का साहिल, शुभम, अंकित व सौरव के साथ झगड़ा हो गया। उन्होंने हाथ पांव जोड़कर बात को निपटा लिया। कल साहिल, शुभम, अंकित, सौरव, सागर, अमन व अन्य गली में हुक्का पी रहे थे। रात करीब नौ बजे रेहान व सागर बाइक पर अपने घर जा रहे थे। साहिल, शुभम, अंकित, सौरव, सागर, अमन व चार अन्य लड़कों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उन पर लात व मुक्कों से हमला कर दिया। उन्होंने बचाव करते हुए दोनों को छुड़वाया। गंडासी, लाठी व डंडे लेकर पहुंचे आरोपी कुछ देर बाद सभी आरोपी अपने हाथों में गंडासी, लाठी व डंडे लेकर आए और उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके हाथों, पेट व अन्य जगहों पर गंडासियां मारी। उसके बाद वह बेहोश हो गया। परिजन उसे सरकारी अस्पताल कैथल लेकर गए, जहां पर उसे होश आया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस चीका थाना के जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *