पठानकोट में लुटेरों से भिड़ा युवक, VIDEO:iPhone और नकदी लेकर भाग रहे लुटेरों को ईंट मार स्कूटी से गिराया, सीसीटीवी में कैद

पठानकोट के एक युवक के साथ लूट करना लुटेरों को भारी पड़ गया। देर रात 10 बजे पैदल जा रहे युवक से स्कूटी सवार 2 युवकों ने दातर दिखाकर आईफोन और 5 हजार की नकदी छीन ली। लेकिन, वापिस उसी रास्ते गुजरते दोनों लुटेरों को युवक ने पहचान लिया और दूर से ईंट मार कर दोनों को स्कूटी से गिरा दिया।
फिर युवक दोनों लुटेरों के भिड़ गया। दातर दिखाकर दोबारा लुटेरे भागने लगे तो युवक ने फिर से ईंट मारकर उन्हें घायल कर दिया। लेकिन, आरोपी दातर का डर दिखाकर भागने में सफल रहे। ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। फिल्हाल शाहपुरकंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चलती बाइक की निकाल ली चाबी
गांव घो-मंगनी के रहने वाले लोकेश कुमार उर्फ लक्की ने बताया कि वो मलिकपुर डाउन टाउन में सैलून पर काम करता है। बीती रात वो जुगियाल रोड से रात साढ़े 10 बजे के आसपास बाइक पर घर आ रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक पर सवार दो युवक उसके साथ-साथ चलने लगे। लक्की को लगा कि शायद उसके ही गांव के कुछ दोस्त मज़ाक कर रहे हैं। इसी बीच बदमाशों ने चलती बाइक की चाबी बंद कर दी, जिससे लक्की की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर साइड में रुक गई। बाइक सवार ने दातर से किया हमला
लक्की ने बताया कि अंधेरा अधिक होने के कारण वह उनके चेहरे नहीं देख पाया। बाइक रुकते ही एक बदमाश ने उसकी बाहें पकड़ लीं और दूसरे ने दातर निकालकर उस पर सीधा हमला करने की कोशिश की। लक्की ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को छुड़ाने के लिए झटका मारा, जिससे वह वार उसके कंधे पर लगा। इस बीच बदमाशों की पकड़ ढीली हुई और उन्होंने लक्की की जेब से सामान निकालने की कोशिश की। इस खींचतान में उसका फोन व अन्य सामान नीचे गिर गया। दोनों तरफ से तीखी झड़प और मारपीट हुई और वो अपनी जान बचाकर भाग निकला।
मौसी के घर में घुसकर बचाई जान
बदमाशों के चंगुल से छूटकर लक्की पास में ही स्थित अपनी मौसी के घर की तरफ भागा, जिसका गेट किस्मत से खुला हुआ था। लक्की तुरंत अंदर घुस गया। इसके बाद बदमाशों ने लक्की की मोटरसाइकिल ले जाने की कोशिश की,लेकिन चाबी न मिलने के कारण वे नाकाम रहे और वहां से भाग गए।
जब लक्की अपना गिरा हुआ फोन और बाइक देखने बाहर आया, तो बदमाश दोबारा अपनी बाइक पर वापस आ गए और दूर से ही जानलेवा अंदाज में लक्की पर हमला करने के लिए आगे बढ़े। बदमाश के सिर पर लगी ईंट
लक्की ने बताया कि उस वक्त मौके पर उसकी मदद के लिए कोई नहीं था। उसे जमीन पर ईंटें पड़ी दिखाई दीं। उसने तुरंत ईंट उठाई और उन पर सीधा वार किया। एक वार सटीक लगा, जबकि दूसरा मिस हो गया। लक्की ने कहा कि अपनी आत्मरक्षा के लिए उसे यह कदम उठाना पड़ा। इस दौरान बदमाश बुरी तरह घायल हो गए। लेकिन, वो उसका मोबाइल और 5 हजार की नकदी लेकर भाग निकले।
सामने आए तो पहचान लूंगा
पीड़ित लक्की ने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि प्रशासन से सिर्फ एक ही मांग है कि उसे उन हमलावरों के चेहरे थोड़े-बहुत याद हैं। अगर वे एक बार मेरे सामने आ जाएं, तो मैं उन्हें पहचान लूंगा। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को ढूंढे और सख्त कार्रवाई करे। वहीं, पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *