फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर के रेलवे रोड पर सोमवार को 20 वर्षीय आईटीआई छात्र शिंपू पर 15-20 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शिंपू गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक इलाज के लिए टोहाना के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टर ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शिंपू तिलक नगर का रहने वाला है और आईटीआई में मशीनिस्ट ट्रेड के दूसरे वर्ष का छात्र है। उसने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह आईटीआई जा रहा था। रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचते ही पीछे से आए 15-20 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने बीच बचाव कर उसे छुड़वाया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। बाद में उसे राहगीरों ने ही सिविल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद परिजन, उसके दोस्त और टोहाना पुलिस भी सिविल अस्पताल पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते किया हमला शिंपू ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, कुछ दिन पहले कुछ युवक आईटीआई में एक छात्र को उठाने आए थे। उस समय शिंपू ने बीच-बचाव कर उस छात्र को बचाया था। इसी बात को लेकर आरोपी युवक उससे रंजिश रखे हुए थे और सोमवार को मौका पाकर उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ रोड चौकी प्रभारी ओमप्रकाश जांगड़ा पुलिस टीम के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र शिंपू के बयान दर्ज किए। मामले की जांच की जा रही- प्रभारी चंडीगढ़ रोड चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि छात्र ने कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।