चंडीगढ़ में खत्म हुआ लायंस कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट:अब सरकारी एजेंसी के तहत काम करेंगे सफाई कर्मचारी, मेयर ने जारी किया पत्र

चंडीगढ़ नगर निगम में शहर की सफाई व्यवस्था संभाल रही लायंस कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है। कॉन्ट्रैक्ट समाप्त होने के बाद शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे कि अब सफाई का काम कौन संभालेगा। इसी बीच सोमवार सुबह चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने सफाई कर्मचारियों के प्रधानों और संबंधित प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। काफी देर चली बैठक के बाद फैसला लिया गया कि लायंस कंपनी के तहत काम कर रहे सफाई कर्मचारी अब सरकारी एजेंसी के अंतर्गत काम करेंगे। मेयर ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया है। हाउस मीटिंग में हुआ था विवाद लायंस कंपनी को दोबारा टेंडर देने के मुद्दे पर नगर निगम की हाउस मीटिंग में भी काफी विवाद हुआ था। विपक्षी पार्षद लगातार इसका विरोध कर रहे थे और कंपनी को फिर से टेंडर देने के पक्ष में नहीं थे। काफी बहस और विरोध के बाद नगर निगम ने कंपनी का टेंडर रिन्यू नहीं किया। रविवार को कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया। इसके बाद शहर में यह चर्चा शुरू हो गई कि सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसलिए लिया फैसला मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था किसी भी हालत में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है कि लायंस कंपनी के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मचारी अब स्टिक कंपनी के तहत काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय केवल सफाई कर्मचारियों के लिए लिया गया है। लायंस कंपनी के अंतर्गत काम कर रहे अधिकारियों या अन्य स्टाफ को इसमें शामिल नहीं किया गया है। वेतन और सुविधाएं पहले जैसी रहेंगी मेयर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का वेतन और उनकी कार्य शर्तें पहले जैसी ही रहेंगी। कर्मचारियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टिक कंपनी एक सरकारी कंपनी है और कर्मचारियों को पहले की तरह नियमित रूप से काम दिया जाएगा। सफाई कर्मचारी शहर में पहले की तरह सफाई कार्य जारी रखेंगे। कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद सफाई कर्मचारियों में नौकरी और वेतन को लेकर चिंता बनी हुई थी। कर्मचारियों को डर था कि नई व्यवस्था में उनका रोजगार प्रभावित हो सकता है। हालांकि मेयर की बैठक और नए फैसले के बाद कर्मचारियों को राहत मिली है। नगर निगम का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से जारी रहेगी और किसी भी सेक्टर में सफाई कार्य बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *