BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ से मिले हनी सिंह:युवाओं को नशे से बचाने पर चर्चा, कहा- दूध, दही और घी पंजाब की पहचान

प्रसिद्ध गायक यो यो हनी सिंह ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में शामिल होने की घोषणा की। इस दौरान दोनों के बीच पंजाब में बढ़ते नशे, विशेषकर ‘चिट्टे’ के खतरे और युवाओं को इससे बचाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों-पैगंबरों और पांच दरियाओं की पवित्र भूमि है, लेकिन आज नशे का जहर हजारों परिवारों और युवाओं के जीवन को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने ‘चिट्टे’ के फैलाव को सुनामी जैसा बताया और कहा कि इसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें उन्होंने हनी सिंह से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी आवाज और प्रभाव के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। चुघ ने कहा कि हनी सिंह का जीवन एक मिसाल है, जिन्होंने कठिन दौर के बाद वैश्विक पहचान हासिल की और मजबूत वापसी की। दूध, दही और मेहनती युवाओं से पंजाब की पहचान चुघ ने कहा कि अगर यो यो हनी सिंह उस दौर से बाहर निकल सकते हैं, तो पंजाब का हर युवा भी नशे की गिरफ्त से बाहर आ सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे चिट्टा, स्मैक और नशे के इंजेक्शन जैसी बुरी आदतों से दूर रहें और स्वस्थ जीवन अपनाएं। साथ ही कहा कि पंजाब की असली पहचान दूध, दही, लस्सी, घी और मेहनती युवाओं से है, न कि नशे से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *