बांका में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या:छाती और मुंह के पास लगी बुलेट्स, जमीन रजिस्ट्री कर लौट रहा था घर

बांका में मंगलवार की रात 8 बजे बदमाशों ने दो प्रॉपर्टी डीलर्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एक प्रॉपर्टी डीलर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल प्रॉपर्टी डीलर को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना रजौन थाना क्षेत्र की मंझगाय-डरपा पंचायत के पत्तीचक गांव के पास की है। मृतक की पहचान खैरा गांव निवासी गौरी यादव के बेटे मिथिलेश यादव उर्फ बीडीओ यादव (35) के रूप में हुई है। घायल प्रॉपर्टी डीलर बरौनी गांव निवासी स्वर्गीय सत्यनारायण चौधरी के बेटे कुंदन चौधरी (45) है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें… सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला जमीन रजिस्ट्री कर लौट रहा था घर बताया जा रहा है कि मिथिलेश यादव ने अपने 4 दोस्तों के साथ एक जमीन खरीदी और 37 लोगों के हाथों बेच दिया। इन सभी लोगों को रजिस्ट्री करने अमरपुर रजिस्ट्री ऑफिस गए थे। जमीन रजिस्ट्री करने के बाद मिथिलेश और कुंदन एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पत्तीचक गांव के आगे रूपशा और पत्तीचक गांव के बीच सुनसान ग्रामीण सड़क पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोकी और मिथिलेश यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी छाती के पास और दूसरी मुंह के पास लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। बाइक चला रहे कुंदन जान बचाकर भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसपर भी गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर गया। इसके बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीण गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी बाइक से अमरपुर की ओर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना रजौन और नवादा थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं घायल कुंदन चौधरी को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना पर एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार, रजौन थाना अध्यक्ष राज रतन और नवादा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने कहा-जमीन विवाद को हत्या की आशंका स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक मिथिलेश यादव जमीन और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे। जमीन विवाद में हत्या की आशंका है। मिथिलेश के परिजनों ने बताया कि उसके पास एक बैग था, जिसमें कैश रखेा था। वह बैग गायब है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि गोली लगने से मिथिलेश यादव की मौत हुई है, जबकि कुंदन चौधरी घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीध्र की बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *