मोहाली में चुनाव से पहले वोटरों को बांटी कोल्ड ड्रिंक:रेहड़ी पर सामान लेकर घर-घर पहुंचे, पूर्व सरपंच समेत 3 लोगों पर FIR

मोहाली के डेराबस्सी में नगर काउंसिल चुनाव से एक दिन पहले वोटरों को कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान बांटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पूर्व सरपंच और उसके समर्थक रेहड़ी पर सामान लेकर घर-घर पहुंच रहे थे। इस संबंध में बीजेपी पार्षद प्रत्याशी रणजीत सिंह रेड्डी ने पुलिस को शिकायत दी थी। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ईसापुर के पूर्व सरपंच चरणजीत सिंह उर्फ बइया, हरदित्ता सिंह उर्फ काला और नरेंद्र सिंह उर्फ राणा के खिलाफ केस दर्ज किया है। नरेंद्र सिंह भी पूर्व सरपंच रह चुका है। डेराबस्सी थाना प्रभारी (एसएचओ) सुमित मोर ने बताया कि वीडियो वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जल्द आगे की कार्रवाई करेगी। ऐसे सामने आया मामला डेराबस्सी पुलिस के अनुसार, 26 मई को नगर काउंसिल चुनाव से ठीक पहले वार्ड नंबर 16 स्थित ईसापुर कॉलोनी में कुछ लोग रेहड़ी पर शराब, कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान लेकर घर-घर बांट रहे थे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद बीजेपी के पार्षद प्रत्याशी ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस जांच में सामने आया कि ईसापुर कॉलोनी की एक गली में मकान नंबर 789 के पास मतदाताओं को कथित तौर पर सामान और पेय पदार्थ वितरित किए जा रहे थे। जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को नामजद कर मामला दर्ज कर लिया है। इन धाराओं के तहत दर्ज हुई एफआईआर पुलिस ने इस मामले में आबकारी अधिनियम और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123 व 135 के तहत केस दर्ज किया है। इन धाराओं के अनुसार, चुनाव के दौरान वोटरों को प्रभावित करने के लिए शराब, सामान या किसी भी प्रकार का लालच देना अपराध माना जाता है। वहीं, बिना अनुमति शराब बांटना या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करना भी कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ जुर्माना, जेल या चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध जैसी कार्रवाई हो सकती है। मामले की गंभीरता के आधार पर अंतिम फैसला अदालत द्वारा लिया जाता है। 19 वार्डों में हुए चुनाव, 29 मई को मतगणना डेराबस्सी नगर काउंसिल में कुल 19 वार्ड हैं, जिनमें से 18 वार्डों में चुनाव कराए गए। इस चुनाव में कुल 79 उम्मीदवार मैदान में थे। जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, डेराबस्सी नगर काउंसिल चुनाव में इस बार 57.09% मतदान दर्ज किया गया। अब 29 मई को मतगणना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *