अबोहर चुनाव में जाली वोट विवाद, भाजपा प्रत्याशी पर केस:शिअद समर्थकों को पीटने के आरोप में पूर्व पार्षद समेत 6 पर मामला

पंजाब के फाजिल्का के अबोहर के वार्ड नंबर 30 में नगर निगम चुनावों के दौरान जाली वोटों को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने भाजपा के मौजूदा प्रत्याशी और पूर्व पार्षद समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस झड़प में करीब 5 लोग घायल हो गए थे। यह घटना श्रीगंगानगर रोड स्थित शिव शाक्य नगर में कल दोपहर करीब 4 बजे हुई। शिरोमणि अकाली दल के समर्थकों ने कुछ लोगों को जाली वोट डालने से रोका, जिसके विरोध में कथित तौर पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने आम आदमी पार्टी के समर्थक अजय कुमार पुत्र राज कुमार और उनके साथियों पर ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में अजय कुमार और उनके साथी घायल हो गए। इसी मामले में दूसरे पक्ष के दो लोग भी अस्पताल में भर्ती हुए थे, जिन्होंने पहले पक्ष पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। थाना नंबर 2 की पुलिस ने अजय कुमार पुत्र राज कुमार के बयानों पर कार्रवाई करते हुए शिव शाक्य नगर निवासी पार्षद सत्यावान शाक्य, सुरेश कुमार व सुनील कुमार (दोनों पुत्र शालूग्राम), कुक्की पुत्र पप्पू, आदित्या उर्फ नंदू पुत्र सुरेश कुमार और साहिल पुत्र विजय कुमार के खिलाफ मुकदमा नंबर 92 दर्ज किया है। इन पर बीएनएस की धारा 115 (2), 191 (3) व 190 के तहत आरोप लगाए गए हैं। थाना नंबर दो के प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मौजूदा भाजपा प्रत्याशी और उसके साथियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *