SDO से व्यक्ति बोला- तेरी नौकरी खा जाऊंगा:हिसार में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम; 8 दिन पहले इन्हीं अफसर के पीछे दुकानदार झाड़ू लेकर दौड़ा था

हिसार में बुधवार को अतिक्रमण हटाने गई हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। सेक्टर-33 में एक व्यक्ति ने SDO रामप्रसाद को धमकी देते हुए कहा, “मैं तेरी नौकरी खा जाऊंगा, तू जानता नहीं है मैं कौन हूं।” इसके बाद SDO और उनके साथ आई टीम ने सख्ती दिखाते हुए व्यक्ति से घर बनाने का नक्शा मांगा। व्यक्ति ने जवाब दिया कि उसने नक्शे के लिए आवेदन किया हुआ है। इस पर SDO ने कहा कि कोई बात नहीं, नक्शा उनके पास ही आएगा। इसके बाद व्यक्ति के तेवर ढीले पड़ गए और वह वहां से चला गया। SDO रामप्रसाद ने कहा, “किसी को भी सरकारी जमीन पर कब्जे का अधिकार नहीं है। पहले लोग कब्जा कर लेते हैं, और फिर उस जगह को अपना समझने लगते हैं। यह जमीन सरकारी है, और सड़क के बीच में जो भी चीजें बाधा बनेंगी, उन्हें हटाया जाएगा। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही है।” ये वही SDO रामप्रसाद हैं जिनके पीछे 8 दिन पहले एक दुकानदार झाड़ू लेकर मारने दौड़ा था। हालांकि, बाद में दुकानदार ने उनसे माफी मांग ली थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के घर के बाहर कब्जा हटाया टीम ने सेक्टर-14 में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के अवैध कब्जे को भी हटा दिया। कांग्रेस नेता ने रैंप के साथ खाली जगह को कवर कर वहां पौधे लगाए हुए थे। टीम ने जेसीबी के माध्यम से कब्जे वाली जगह को हटा दिया। इस कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता घर के अंदर ही रहे और बाहर नहीं निकले। कांग्रेस नेता ने इस कार्रवाई पर पूरी तरह चुप्पी साधी हुई है। SDO बोले- हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई SDO रामप्रसाद ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर सेक्टरों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि सड़क पूरी तरह से साफ होनी चाहिए। इसी को लेकर हम अतिक्रमण पर कार्रवाई कर रहे हैं। आगे अभी सेक्टर 14, 14 पार्ट टू, सेक्टर 33, सेक्टर 1-4 सहित अन्य जगहों पर कार्रवाई जारी रहेगी। इसके बाद जहां अतिक्रमण हटा चुके हैं, वहां भी दोबारा जाकर जांच करेंगे। 19 मई को दुकानदार झाड़ू लेकर दौड़ा था 19 मई को यही टीम अतिक्रमण हटाने सेक्टर 14 मार्केट में पहुंची थी। टीम जब कब्जे हटाने की कार्रवाई कर रही थी, तभी एक दुकानदार झाड़ू लेकर वहां आ गया और SDO रामप्रसाद को मारने के लिए दौड़ा। दुकानदार ने SDO के साथ गाली-गलौज भी की। इसके बाद SDO ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दुकानदार को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर थाने ले गई थी। विवाद के बाद दुकानदार SDO के पास पहुंचा और उसने माफी मांग ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *