संगरूर में साइक्लिस्टों से लूट की कोशिश:सुबह सैर पर निकले युवकों को तलवार लहराकर डराया; भीड़ इकट्‌ठा होने पर भागे

संगरूर में सुबह सैर पर निकले साइक्लिस्टों के साथ लूटपाट की कोशिश का मामला सामने आया है। एक सफेद कार में सवार युवकों ने साइक्लिस्टों को रोकने के लिए तलवार लहराई, जिससे एक साइक्लिस्ट घायल हो गया। यह घटना तब हुई जब 3-4 साइक्लिस्ट मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। पीछे से आई एक तेज रफ्तार सफेद कार ने अचानक उनके आगे आकर धीमी गति कर दी। इससे एक साइक्लिस्ट कार से टकरा गया और उसे चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद कार में सवार एक युवक खिड़की से बाहर निकला और हाथ में तलवार लहराते हुए साइक्लिस्टों को डराने व रोकने का प्रयास करने लगा। हालांकि, अन्य साइक्लिस्ट तुरंत अपने घायल साथी के पास रुक गए और सभी एक साथ जमा हो गए, जिसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान कार सवारों की यह पूरी हरकत साइक्लिस्टों की साइकिलों पर लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो फुटेज में कार द्वारा रास्ता रोकना और युवक द्वारा हथियार लहराना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। साइक्लिस्ट को मामूली चोटें आई हैं। उसके साथियों ने इसे लूटपाट की कोशिश बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही पुलिस उन्होंने आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और वह आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा साइक्लिस्टों के कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *