पंचकूला में अवैध खनन पर सख्ती बढ़ाते हुए DC सतपाल शर्मा ने बुधवार को स्वयं फील्ड में उतरकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शामटू क्षेत्र में मिट्टी से भरे 5 ओवरलोड ट्रकों की जांच की गई और RTA पंचकूला को तत्काल चालान करने के निर्देश दिए गए। DC सतपाल शर्मा रायपुररानी और बरवाला तहसीलों के निरीक्षण के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जलोली टोल प्लाजा पर एक मिट्टी से भरे ट्रक को रुकवाकर उसकी जांच की गई। जांच में ट्रक ओवरलोड पाया गया। पूछताछ के दौरान ड्राइवर ने बताया कि वह शामटू और टोका के बीच में चल रही माइनिंग से मिट्टी लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही रेड करने पहुंचे DC मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने 5 से 6 अन्य मिट्टी से भरे ट्रकों का भी निरीक्षण किया। डीसी के निर्देश पर एसडीएम पंचकूला और आरटीए विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और संबंधित ट्रकों के चालान किए गए। टॉस्क फोर्स को दिए निर्देश
इसके साथ ही डीसी ने अवैध माइनिंग की रोकथाम के लिए गठित उपमण्डल स्तरीय टास्क फोर्स को निर्देश दिए कि शामटू और टोका के बीच चल रही माइनिंग गतिविधियों की गहन जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य नियमों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच के दौरान नियमों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीसी ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।