हिमाचल में हीटवेव का अलर्ट, आज शाम बदलेगा मौसम:ओलावृष्टि व तूफान की चेतावनी, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; ऊना का टेंपरेचर 44॰C पहुंचा

हिमाचल प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया है। इस कारण मैदानी इलाकों में दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। विभाग ने ऊना, बिलासपुर और सोलन जिले के कुछ स्थानों पर हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। हीटवेव के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक घर से बाहर निकलने से परहेज करने को कहा गया है। आज शाम 5 जिलों में भारी ओलावृष्टि और तूफान का अलर्ट राहत की बात यह है कि आज दोपहर बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर अगले 72 घंटे तक रहेगा। इसे देखते हुए IMD ने आज (वीरवार) चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल भी इन जिलों में खराब मौसम का अलर्ट कल (शुक्रवार) कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भी भारी ओलावृष्टि और तूफान की संभावना जताई गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राज्य के कुछ हिस्सों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज आंधी और ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। पिछले 3 दिनों से हीटवेव जारी शिमला समेत हिमाचल के कई मैदानी इलाकों में पिछले तीन दिनों से हीटवेव का असर बना हुआ है। इससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। आज भी तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऊना का तापमान 44 डिग्री पहुंचा ऊना में तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक दर्ज करते हुए 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हमीरपुर के नेरी में 40.7 डिग्री, मंडी में सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक 38.6 डिग्री और सुंदरनगर में सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *