दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए कटड़ा जा रही एक वोल्वो बस आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई। हादसे में बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 श्रद्धालु घायल हो गए। छह गंभीर घायलों को चंडीगढ़ के अस्पतालों में रेफर किया गया है। वहीं अन्य का इलाज सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में जारी है। हादसा राजपुरा के पास पतारसी कलां गांव में हुआ। मृतक ड्राइवर की पहचान फिरोजपुर निवासी इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि हादसे के समय बस में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे करीब 42 श्रद्धालु सवार थे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला दुर्घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी, थाना प्रभारी और थाना मूलेपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल पुलिस ने मृतक ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।