लुधियाना में डेयरी एसोसिएशन का अल्टीमेटम:सोमवार को जाम करेंगे हंबड़ा रोड, DC दफ्तर के बाहर लाएंगे गाय-भैंस; सीवरेज समस्या के समाधान की मांग

लुधियाना में सीवरेज व्यवस्था को लेकर डेयरी संचालकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। डेयरी एसोसिएशन ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए सोमवार को हंबड़ा रोड जाम करने और डिप्टी कमिश्नर कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के दौरान डेयरी संचालक अपने साथ गाय और भैंस भी लेकर पहुंचेंगे। इसके बाद निगम जोन-डी के बाहर भी धरना दिया जाएगा। एसोसिएशन का आरोप है कि डेयरियों के आसपास सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से फेल हो चुका है। गलियों और मोहल्लों में गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे पशुओं को भी परेशानी हो रही है। कई बार पशु घंटों तक पानी में खड़े रहने को मजबूर हो जाते हैं। 21 दिन पहले भी दिया था धरना डेयरी एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप सिंह लाहोरिया ने बताया कि 21 दिन पहले डेयरी संचालक गोबर से भरी ट्रालियां लेकर नगर निगम के जोन-डी कार्यालय पहुंचे थे। उस दौरान पार्षदों ने कार्यालय के बाहर गोबर फेंककर पंजाब सरकार और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की थी। अधिकारियों ने उस समय सीवरेज व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था और सरकार व प्रशासन के साथ बैठकें भी हुईं, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ और स्थिति जस की तस बनी हुई है। गोबर निपटारे के लिए कोई व्यवस्था नहीं लाहोरिया ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने डेयरी संचालकों के गोबर निपटारे के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। उल्टा, अब डेयरी मालिकों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज किए जा रहे हैं। पशुओं को नहलाने के बाद गंदे पानी की निकासी की भी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई है। हंबड़ा रोड पूरी तरह से जाम किया जाएगा उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो सोमवार को हंबड़ा रोड पूरी तरह से जाम किया जाएगा। इसके बाद गाय और भैंसों के साथ डिप्टी कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *