पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की मोगा में नशा विरोधी रैली में CM भगवंत मान के शामिल होने को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। CM मान भी रैली में जाएंगे। थोड़ी देर में वह मोहाली अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकते हैं। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर के जरिए ही मोगा पहुंचेंगे। CM ने इस संबंध में सोशल मीडिया (X) पर लिखा- ‘आम आदमी पार्टी की तरफ से आज मोगा के पास किल्ली चाहलां गांव में एक विशाल रैली की जा रही है। दोस्तों, मिलते हैं।’ हालांकि उन्होंने इस मामले में यह क्लियर नहीं किया कि वह रैली में जाएंगे या नहीं लेकिन AAP सूत्रों के मुताबिक वह रैली में हिस्सा लेंगे। CM मान की कल संगरूर में तबीयत बिगड़ी थी। जिसके बाद हेलिकॉप्टर से उन्हें मोहाली लाया गया था। मोगा में होने वाली रैली को दिल्ली के पूर्व CM व आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी संबोधित करेंगे। इस रैली में ड्यूटी करने आए 5 पुलिसकर्मियों का एक्सीडेंट हो गया, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें नाके पर एक बस ने टक्कर मार दी। अब उनका इलाज चल रहा है। CM मान का ट्वीट… AAP ने नशे के खिलाफ बनाए पहरेदार भी बुलाए
आम आदमी पार्टी का दावा है कि युद्ध नशा विरुद्ध मुहिम के पहले फेज को शानदार सफलता मिली और अब दूसरे फेज को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए यह रैली की जा रही है। इस कार्यक्रम के दौरान पूरे पंजाब में जिला, कस्बा और वार्ड स्तर पर नियुक्त किए गए पहरेदारों और निगरानी कमेटियों के सदस्यों को अगली रणनीति से रूबरू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें नशा रोकने में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। AAP सरकार युद्ध नशा विरुद्ध मुहिम को सफल बताकर विधानसभा चुनाव 2027 में चुनावी मुद्दा बनाएगी। कुछ ही दिनों में मोगा में BJP की रैली होनी है। उसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आएंगे। उससे पहले AAP पर अपनी इस रैली को सफल बनाने का दबाव है। रैली में भीड़ जुटाने के लिए विधायकों और हलका इंचार्जों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोगा रैली के लिए पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
मोगा जिले के गांव किल्ली चहल में होने वाली युद्ध नशे विरुद्ध कैंपेन-2 रैली के मद्देनजर लुधियाना देहात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने पब्लिक से अपील की है कि आज मोगा की तरफ जाने वाले लोग ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी रूट पर ही जाएं। लुधियाना देहाती पुलिस के SSP अंकुर गुप्ता ने बताया कि रैली के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहेगी। आम जनता को ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से बचाने के लिए विभिन्न रूट से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट प्लान निर्धारित किए गए हैं। रैली से पहले 5 पुलिसकर्मी घायल
AAP की युद्ध नशा विरुद्ध-2 रैली से पहले मोगा में एक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। ये सभी रैली में ही शामिल होने आए थे। रैली में इन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी। हादसा तब हुआ जब पुलिसकर्मी नाके पर खड़े थे। तभी एक निजी कंपनी की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही कई गाड़ियां भी बस से टकरा गईं। घायल पुलिसकर्मियों को मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।