ASI-होमगार्ड मर्डर, 7 दिन बाद आरोपी का पोस्टमॉर्टम हो रहा:अमृतसर से डॉक्टर आए, कोर्ट के आदेश पर माने परिजन; गुरदासपुर में एनकाउंटर में मारा गया था

गुरदासपुर में ASI-होमगार्ड मर्डर केस में एनकाउंटर के दौरान ढेर हुए आरोपी रणजीत सिंह का आज 7 दिन बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। सीजीएम कोर्ट ने रणजीत सिंह की मां द्वारा दायर याचिका का निपटारा करते हुए इसके आदेश दिए। जिस पर परिजन मान गए। मृतक के चाचा हरविंदर सिंह मल्ली ने कहा कि वे कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंच चुके हैं। डॉक्टरों और वकीलों की टीम भी अस्पताल में मौजूद है। हालांकि, पारिवारिक सदस्यों की मांग है कि पोस्टमार्टम से पहले उन्हें रणजीत सिंह का शव देखने दिया जाए। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं SP हेडक्वार्टर युगराज सिंह भी अस्पताल पहुंच गए हैं। सीनियर मेडिकल ऑफिसर रविंदर सिंह ने बताया चीफ यूडियाशल मैजिस्ट्रेट (CJM ) की निगरानी में तीन डाक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम कर रहा है। जिनमें से दो फॉरेंसिक डॉक्टर अमृतसर से हैं और एक गुरदासपुर सिविल अस्पताल का। गौरतलब है कि 22 फरवरी को आदियां पुलिस चौकी में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की लाश मिली थी। वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। 25 फरवरी को पुलिस गिरफ्तारी के बाद रणजीत सिंह को हथियार की बरामदगी के लिए ले गई थी। लेकिन SHO की गाड़ी पलटने से वह फरार हो गया। CIA की टीम ने उसे पुराना शाला इलाके में घेर लिया। और एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। वहीं CIA के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह समेत 5 मुलाजिम घायल हो गए थे। पोस्टमॉर्टम से पहले परिवार की शर्तें.. मृतक रणजीत के चाचा हरविंदर सिंह मल्ली ने कहा कोर्ट आदेश को मानते हुए हम पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए सिविल अस्पताल में पहुंच चुके हैं। लेकिन हमारी मांग है कि पोस्टमॉर्टम से पहले पारिवारिक सदस्यों को रणजीत सिंह के शव को देखने दिया जाए। और जिन डॉक्टरों को पोस्टमॉर्टम करना है, उनके साथ भी उनकी मीटिंग करवाई जाए, ताकि उन्हें पता चल सके कि कौन-कौन से डॉक्टर पोस्टमॉर्टम में शामिल है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी करवाई जाए। कोर्ट का नोटिस उनके पास पहुंचा है, नोटिस में क्या कुछ लिखा गया है, वह भी उन्हें जनकारी दी जाए। अगर प्रशासन उनकी सभी बातें मानता है, तो हम पोस्टमार्टम करवा लेंगे। उधर, कोर्ट ने रणजीत सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम पीजीआई या एम्स से करवाने की मांग को ठुकरा दिया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मांग उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है और यह केवल हाईकोर्ट के अधिकार क्षेत्र का विषय है। कोर्ट ने यह भी कहा कि मृतक का शव कई दिनों से सिविल अस्पताल में पड़ा हुआ है, इसलिए तुरंत पोस्टमॉर्टम करवाना आवश्यक है। सीजीएम ने सिविल अस्पताल के एसएमओ को तत्काल आदेश देते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए डॉक्टरों का एक बोर्ड गठित करने के निर्देश जारी किए थे। जानिए ASI-होमगार्ड मर्डर में इससे पहले क्या हुआ… ********** ये खबर भी पढ़ें: पुलिस चौकी में ASI की हत्या का VIDEO सामने आया: गुरदासपुर में पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारी; लॉरेंस गैंग की आतंकियों को धमकी गुरदासपुर पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड की हत्या को लेकर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्‌टी ने कत्ल का वीडियो जारी किया है। इसमें दिख रहा है कि ASI गुरनाम सिंह को सिर से सटाकर गोली मारी गई। ASI गुरनाम कुर्सी पर बैठे नींद में नजर आ रहे हैं। इसके बाद पिस्टल पर साइलेंसर लगाकर पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारी गई। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *