पंजाब के कपूरथला में एक युवा कारोबारी ने अपने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक की शादी दो दिन बाद होनी थी, जिससे घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। आज उसके घर में शगुन का फंक्शन भी था। मृतक इकलौता बेटा था और उसका विवाह जालंधर की रहने वाली युवती से तय हुआ था। युवक के चाचा और भाजपा नेता ने बताया कि आज (शुक्रवार) को दोपहर 3 बजे के करीब वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर गया, जहां उसने बाथरूम से फंदा लगा लिया। काफी देर तक जब वो घर में नहीं दिखा तो घरवालों ने उसे तलाशा और कमरा खोलकर देखा, तो वो फंदे पर लटका मिला। कमरा खोलने के बाद बाथरूम में जाते ही चीख पुकार मच गई। युवक को फंदे से उतारकर परिजन अस्तपाल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मनियारी का कारोबारी था
मृतक की पहचान कपूरथला के शिव कॉलोनी के रहने वाले करण कुमार महाजन (29) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि करण कपूरथला की जोली मार्केट में मनियारी का कारोबार करता था। उसका कारोबार काफी अच्छा चलता था। चाचा बोले- करण शादी की परफॉर्मेंस की तैयारी कर रहा था युवक करण के चाचा और भाजपा नेता धर्मपाल महाजन ने बताया कि करण तो शादी की परफॉर्मेंस की तैयारी में था। उन्होंने कहा कि वो कल से डांस परफॉर्मेंस सीख रहा था और उसका किसी से कोई झगड़ा भी नहीं था। होने वाली पत्नी से भी उसकी अच्छा बातचीत थी। पुलिस बोली- परिवार ने कार्रवाई को मना किया कपूरथला के सिटी एसएचओ अमनदीप ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार ने केस दर्ज करने और कार्रवाई से मना किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस गुप्त रूप में मामले की जांच कर रही है।