भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल पटना पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को संगठनात्मक और राजनीतिक, दोनों ही दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, वे होली कार्यक्रम में भाग लेने के बाद 5 मार्च को दिल्ली लौट सकते हैं और यही दिन राज्यसभा चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि भी है। होली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं के साथ मनाएंगे रंगोत्सव पटना महानगर भाजपा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दीघा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चटखारा ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। सुबह से ही कार्यकर्ताओं की उपस्थिति शुरू हो जाएगी और पारंपरिक तरीके से अबीर-गुलाल के साथ होली मिलन का आयोजन होगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, समन्वय और संगठनात्मक मजबूती का संदेश भी दिया जाएगा। चार विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता होंगे शामिल इस कार्यक्रम में पटना साहिब, कुम्हरार, बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। भाजपा पटना महानगर इकाई ने इसे सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की है। दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और भाजपा जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता संयुक्त रूप से कार्यक्रम की देखरेख कर रहे हैं। आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वागत, मंच संचालन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। बैठक कर तैयारियों की समीक्षा होली मिलन समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा पटना महानगर की आज एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मीडिया समन्वय जैसे विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आयोजन को अनुशासित और भव्य रूप दिया जाएगा, ताकि अधिकतम कार्यकर्ता इसमें भाग ले सकें और पार्टी की एकजुटता का प्रदर्शन हो सके।