हरियाणा में बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के बड़े भाई के फरीदाबाद स्थित रिसॉर्ट के वॉशरूम में छत्रपति शिवाजी और रानी पद्मावती की फोटो लगाए जाने का दावा किया गया। सोशल मीडिया पर इसे लेकर वीडियो सामने आया। इसे महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता अतुल लोंधे पाटिल ने अपने X अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का कहना है कि मेल और फीमेल वॉशरूम में ये फोटो लगाए गए थे। हालांकि बाद में ये हटवा दिए गए। जब इस मामले में भाजपा विधायक के भाई और रिसॉर्ट के मालिक टिपरचंद से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह वीडियो उनके रिसॉर्ट का नहीं है। जिसने भी इस वीडियो को उनका बताकर वायरल किया है उसकी पहचान कर पुलिस को शिकायत दी जाएगी। इस विवाद के बीच होटल के वॉशरूम के फोटो भी सामने आए हैं, जिसमें मेल और फीमेल सेक्शन में अब घोड़ों की फोटो लगी हुई दिखाई दे रही है। पहले जानिए वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति ने क्या कहा…. 20 फरवरी का वीडियो दैनिक भास्कर एप की टीम ने जब इस वायरल वीडियो की पड़ताल की, तो पता चला कि यह वीडियो 20 फरवरी का है। वीडियो में दिख रहे शख्स संदीप गोयल ने बताया कि वे अपने एक पारिवारिक प्रोग्राम में नेशनल हाईवे 19 स्थित मिलन रिसॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल में गए हुए थे। वहां पर वाशरूम के मेल और फीमेल एरिया को चिन्हित करने के लिए छत्रपति शिवाजी और रानी पद्मावती की फोटो लगाई हुई थी। इसी दौरान एक शख्स ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मालिक से बात करके फोटो हटवाए संदीप ने आगे बताया कि उन्होंने उसी समय रिसॉर्ट एंड बैंक्वेट के मालिक से बात करके इन तस्वीरों को हटाने के लिए कहा, जिसके बाद उन्होंने दोनों की तस्वीरों को वहां से हटा दिया। इसके अलावा, अंबाला के एक होटल के बाहर भी छत्रपति शिवाजी की तस्वीर लगाई गई थी, जिसे कॉल करके हटवाया गया है। अब जानिए BJP विधायक के भाई ने क्या कहा… ये उनके रिसॉर्ट का वीडियो नहीं इस पूरे विवाद के बीच, भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के भाई टिपरचंद ने कहा कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह उनके रिसॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल का नहीं है। इस इलाके के अवैध बैंक्वेट पर प्रशासन इन दिनों कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त कर रहा है। इससे गुस्साए किसी शख्स ने उनके बैंक्वेट का नाम विवाद में घसीट दिया, जबकि सच्चाई यह है कि ऐसा कुछ भी नहीं है। पुलिस में शिकायत दी जाएगी शर्मा ने आगे कहा कि जिन लोगों ने इस तरह का वीडियो बनाकर वायरल किया है, उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही पहचान करके पुलिस में शिकायत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह वीडियो उनके यहां का नहीं है। उनके नाम को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। डेढ़ साल पहले हुआ था उद्घाटन यह मिलन रिसॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल नेशनल हाईवे पर सीकरी गांव के पास बना हुआ है, जिसका परिसर कई एकड़ में फैला हुआ है। करीब डेढ़ साल पहले इसका उद्घाटन हुआ था। इसे बल्लभगढ़ से भाजपा के विधायक मूलचंद शर्मा के बड़े भाई टिपरचंद शर्मा चलाते हैं। इसके अलावा, शहर के कई अन्य हिस्सों में भी मिलन स्वीट्स के नाम से इनके रेस्टोरेंट हैं। रिसॉर्ट से गिरकर मजदूर की हो चुकी है मौत 3 जनवरी को इसी रिसॉर्ट में काम कर रहे लोकेश नामक मजदूर की मौत हो गई थी। वह पिछले एक साल से इस रिसॉर्ट में काम कर रहा था। वह रिसॉर्ट की दूसरी मंजिल पर बाहर की तरफ से वेल्डिंग का काम कर रहा था। काम करते हुए अचानक से उसका पैर फिसल गया और वह नीचे आकर गिर गया। लोकेश के नीचे गिरने की आवाज सुनकर दूसरे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर गए, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मिलन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में आग लग चुकी 21 दिसंबर को सेक्टर-2 में बने मिलन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बने किचन में चिमनी मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई थी। किचन में जमा चिकनाई के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और चिमनी के पाइप के रास्ते ऊपर की मंजिल तक फैल गई। हालांकि, इसमें किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई थी। रेस्टोरेंट में खाना खा रहे सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।