BRA बिहार यूनिवर्सिटी के VC आवास पर सुतली बम फेंका:सिक्योरिटी गार्ड के कमरे के बाहर फटा बम, सीसीटीवी में दिखे स्कूटी सवार दो बदमाश

मुजफ्फरपुर में रविवार की देर रात भीमराव अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी (BRABU) के कुलपति (VC) दिनेश चंद्र राय के सरकारी आवास को निशाना बनाया गया। अज्ञात स्कूटी सवार बदमाशों ने कुलपति आवास के बाहर बम फेंके, जिससे पूरा इलाका दहल गया। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने कुलपति आवास के बाहरी कॉर्नर पर स्थित सुरक्षा गार्ड के कमरे को निशाना बनाकर बम फेंका। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और आसपास के लोग सन्न रह गए। घटना के तुरंत बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, एक स्कूटी पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस महकमे में खलबली, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, नगर डीएसपी और यूनिवर्सिटी थाना की पुलिस भारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन फॉरेंसिक (FSL) की टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्यों का संकलन किया है ताकि बम की तीव्रता और प्रकृति का पता लगाया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल इस घटना ने यूनिवर्सिटी कैंपस की सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस जगह बमबाजी हुई, वहां से यूनिवर्सिटी थाना बिल्कुल करीब ही स्थित है। एसएसपी बोले- जल्द ही आरोपियों को किया जाएगा गिरफ्तार मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित वीसी आवास के पास स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने देशी बम फेंका था। इस घटना में किसी भी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” वहीं, मुजफ्फरपुर के सीटीएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने कहा यूनिवर्सिटी कैंपस के वीसी आवास स्थित सुरक्षा गार्ड के रूम के बाहर सड़क पर एक स्कूटी सवार नकाबपोश दो बदमाशों के की ओर से सुतली बम फेंका गया था किसी तरह की कोई नुकसान नहीं हुई है रात्रि करीब 10:30 बजे के आसपास की घटना है पुलिस की टीम और एफएसएल दोनों जांच की है अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *